राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार यात्री बस ने स्कूल जा रही मासूम छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्रा जिला अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

ये भी पढ़ें: बाबा रामपाल को न मानने पर ‘सजा-ए-मौत’, पति ने 11 बार पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, मौत से पहले पिता को फोन कर…

अभाना के पास हुआ हादसा, छात्राओं को कुचला

यह पूरा हादसा दमोह-जबलपुर स्टेट हाइवे पर स्थित अभाना के पास हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक तेज रफ्तार यात्री बस ने स्कूल जा रही तीन छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दो छात्राओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी ड्राइवर बस लेकर मौके से फरार हो गया।

गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, हाइवे पर लगा लंबा जाम

इस दर्दनाक घटना से गुस्साए ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तुरंत सड़क पर आकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्टेट हाइवे पर चक्काजाम किए जाने के कारण सड़क के दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर रोजाना बसें बेलगाम रफ्तार से दौड़ती हैं, जिसके कारण पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं लेकिन प्रशासन द्वारा रफ्तार पर लगाम कसने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

ये भी पढ़ें: अनियंत्रित बस पलटने से बड़ा हादसा! कटनी में मासूम की मौत और 3 दर्जन घायल, अस्पताल में इलाज जारी

प्रशासन और जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर, पुलिस तलाश में जुटी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल और घटनास्थल पर पूर्व मंत्री एवं दमोह के वरिष्ठ विधायक जयंत मलैया, कलेक्टर सहित तमाम जिम्मेदार अधिकारी पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। फिलहाल नोहटा थाना पुलिस ने दुर्घटना करने वाली बस को जब्त कर लिया है और फरार बस ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m