दरभंगा। जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां शराब तस्करों ने पुलिस टीम पर हमला कर हिरासत में लिए गए एक कारोबारी को जबरन छुड़ा लिया। घटना जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर रैयाम थाना क्षेत्र के बंसरा ठीकरा टोल के पास की है।
छापेमारी के दौरान हुई कार्रवाई
रैयाम थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम छापेमारी करने बंसरा ठीकरा टोल पहुंची थी। पुलिस ने मौके से करीब 2 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की और कथित शराब कारोबारी महावीर सहनी को हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
ट्रैक्टर और जेसीबी से पुलिस वाहन को घेरा
जैसे ही पुलिस आरोपी को लेकर निकलने लगी, महावीर सहनी के परिजनों और ग्रामीणों ने उग्र होकर पुलिस वाहन को चारों तरफ से ट्रैक्टर और जेसीबी से घेर लिया। इसके बाद भीड़ ने पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान हमलावरों ने पुलिस की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस झड़प में किसी भी पुलिसकर्मी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
7 थानों की पुलिस और अतिरिक्त बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रैयाम के अलावा केवटी, कमतौल, सिमरी, सदर और मब्बी समेत 7 थानों की पुलिस को तुरंत मौके पर भेजा गया। हालात को पूरी तरह नियंत्रित करने के लिए जिला मुख्यालय से भी अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और क्षतिग्रस्त वाहन को रैयाम थाना परिसर में लाकर खड़ा किया। फिलहाल जिला स्तर से पहुंची पुलिस टीम भी रैयाम थाने में कैंप कर रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य आरोपी समेत 10 गिरफ्तार
कमतौल एसडीओपी शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम और रैयाम थाने की पुलिस संयुक्त रूप से छापेमारी करने गई थी। कार्रवाई के दौरान आरोपी के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा कर पुलिस को रोकने की कोशिश की और हमला किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महावीर सहनी समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस पर हमलों की बढ़ती घटनाएं
दरभंगा जिले में पिछले कुछ महीनों के दौरान पुलिस टीम पर हमलों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे पुलिसिंग और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। इससे पहले 28 अगस्त 2026 को सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने डायल-112 की टीम पर हमला कर चार पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया था।
इसी तरह 17 अगस्त 2026 को बहादुरपुर थाना क्षेत्र के खराजपुर में टेक्निकल सेल की टीम के साथ मारपीट की गई थी, जहां सर्विस रिवॉल्वर छीनने का भी प्रयास हुआ था। इसके अलावा 19 अप्रैल 2026 को बहेड़ा थाना क्षेत्र में शराब बरामदगी के दौरान मद्यनिषेध टीम पर हमला हुआ था, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई हैं।



