दिल्ली मास्टर प्लान 2047 (Delhi Master Plan-2047) को आम लोगों के लिए समझना आसान बनाने की दिशा में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अपनी वेबसाइट पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs) की एक सूची जारी की है। इसमें मास्टर प्लान से जुड़े प्रमुख प्रावधानों और बदलावों को आसान सवाल-जवाब के जरिए समझाने की कोशिश की गई है। इससे पहले दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने DDA को मास्टर प्लान 2047 के बारे में लोगों तक डिजिटल माध्यम से जानकारी पहुंचाने के उपाय शुरू करने का निर्देश दिया था। इसके बाद प्राधिकरण की ओर से FAQ सूची जारी की गई है।
‘What’s New’ सेक्शन में मास्टर प्लान 2047 के FAQs
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इस पहल के तहत DDA ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट के ‘What’s New’ (नया क्या है) सेक्शन में मास्टर प्लान 2047 से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (FAQs) की पूरी सूची उपलब्ध कराई है। इसका उद्देश्य नागरिकों और अन्य संबंधित लोगों को मास्टर प्लान के विभिन्न प्रावधानों की आसान और सुलभ जानकारी देना है। FAQ में मास्टर प्लान से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है। इनमें सामान्य नियम, डेवलपमेंट कंट्रोल नॉर्म्स, रीडेवलपमेंट, हेरिटेज और पब्लिक स्पेस, लैंड पूलिंग पॉलिसी जैसे विषय प्रमुख हैं। इसके अलावा FAQs में ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD), हाई-डेंसिटी कॉरिडोर, लो-डेंसिटी एरिया और झुग्गी-बस्तियों के उसी स्थान पर पुनर्वास से जुड़े प्रावधानों को भी शामिल किया गया है।
जमीन के इस्तेमाल से लेकर पार्किंग और TDR तक की जानकारी
DDA ने बताया कि FAQs में मास्टर प्लान 2047 के कई व्यावहारिक पहलुओं की भी जानकारी दी गई है। इसमें जमीन के इस्तेमाल और अनुमत गतिविधियों, FAR (फ्लोर एरिया रेशियो), प्लॉट की आवश्यकताओं और पार्किंग से जुड़े नियमों को शामिल किया गया है। इसके अलावा FAQ में ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट्स (TDR), लैंड पूलिंग के तहत पात्रता और डेवलपमेंट मॉडल से संबंधित जानकारी भी दी गई है। वहीं, ट्रांजिट-ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) और अन्य नीतियों के तहत पात्रता, विकास संबंधी नियमों और मंजूरी की प्रक्रिया को भी सवाल-जवाब के जरिए समझाया गया है।
नागरिक दे सकेंगे सुझाव और फीडबैक
DDA ने FAQs के अलावा नागरिकों और स्टेकहोल्डर्स से सीधे सुझाव लेने के लिए अपने सिटिजन सर्विस प्लेटफॉर्म पर ‘मास्टर प्लान 2047 (फीडबैक)’ सुविधा भी शुरू की है। इसके जरिए लोग मास्टर प्लान से जुड़े अपने सुझाव, आपत्तियां और फीडबैक DDA तक पहुंचा सकेंगे।
ऐसे देख सकेंगे मास्टर प्लान 2047 और दे सकेंगे फीडबैक
DDA के मुताबिक, मास्टर प्लान 2047 से जुड़ी जानकारी और फीडबैक की सुविधा citzservices.dda.org.in पर उपलब्ध है। यूजर्स को सबसे पहले इस प्लेटफॉर्म पर साइन-अप करना होगा। लॉगिन करने के बाद मेन्यू बार में ‘मास्टर प्लान 2047 (फीडबैक)’ का विकल्प दिखाई देगा। इसके अलावा यूजर्स ‘At Your Service’ सेक्शन के जरिए भी इस सुविधा तक पहुंच सकते हैं। यहां से नागरिक और अन्य स्टेकहोल्डर्स मास्टर प्लान 2047 से जुड़े अपने सुझाव और राय DDA के साथ साझा कर सकेंगे। DDA का कहना है कि फीडबैक की यह सुविधा नागरिकों और स्टेकहोल्डर्स को प्राधिकरण के सामने अपनी बात सीधे रखने का माध्यम उपलब्ध कराती है। इससे मास्टर प्लान 2047 को लेकर निरंतर संवाद और अधिक सहभागी प्रक्रिया को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


