Delhi School Summer Vacation: दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कल (11 मई) से समर वेकेशन (गर्मी की छुट्टी) शुरू हो रहा है। राजधानी के सभी सरकारी स्कूलों में 11 मई 2026 से 30 जून 2026 तक समर वेकेशन रहेगा। कक्षा 9वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 11 मई से 23 मई 2026 तक विशेष रेमेडियल क्लासेस आयोजित की जाएंगी। इन कक्षाओं का उद्देश्य छात्रों के कमजोर विषयों को मजबूत करना और उनके लर्निंग आउटकम में सुधार लाना है।

रेमेडियल क्लासेस सुबह के समय आयोजित होंगी। शिक्षकों को सुबह 7:20 बजे से 11:00 बजे तक स्कूल में उपस्थित रहना होगा। जबकि छात्रों की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक चलेंगी। प्रत्येक पीरियड एक घंटे का होगा और कुल तीन पीरियड लगाए जाएंगे।

जिला और जोन स्तर के शिक्षा अधिकारियों को रेमेडियल क्लासेस के प्रभावी संचालन की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम दो स्कूलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना होगा ताकि योजना का सही तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय के डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में रेमेडियल क्लासेस अलग विंग में संचालित की जाएंगी ताकि नियमित व्यवस्थाओं पर असर न पड़े। स्कूल प्रशासन को उपलब्ध संसाधनों और शिक्षकों की संख्या के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कक्षा 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए गणित और विज्ञान विषयों पर विशेष फोकस रखा जाएगा। वहीं कक्षा 12वीं के लिए विषयों का चयन छात्रों की शैक्षणिक आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा।

जरूरतमंद छात्रों को मिलेगा अतिरिक्त सहयोग

सर्कुलर में स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि कमजोर और जरूरतमंद छात्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिक्षकों को व्यक्तिगत रूप से छात्रों की पढ़ाई पर ध्यान देने और उनके प्रदर्शन में स्पष्ट सुधार सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। रेमेडियल क्लासेस के दौरान छात्रों के लिए स्कूल यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य रहेगा। साथ ही छात्रों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी।

जरूरत पड़ने पर गेस्ट टीचर्स की भी होगी नियुक्ति

यदि नियमित शिक्षक उपलब्ध नहीं होते हैं तो स्कूल प्रशासन गेस्ट या कॉन्ट्रैक्ट टीचर्स की सेवाएं ले सकेगा। विभाग ने यह भी कहा है कि समर वेकेशन के दौरान ड्यूटी करने वाले नियमित शिक्षकों को नियमानुसार अर्जित अवकाश दिया जाएगा, जबकि गेस्ट शिक्षकों को प्रचलित नियमों के तहत भुगतान किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m