Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (21 अगस्त 2026) की खबरों में दिल्ली में बन सकेंगी 100 मंजिला इमारतें, दिल्ली मेट्रो में ब्लू लाइन बनी यात्रियों की पहली पसंद, दिल्ली में 9वीं की R3 का नियम वापस, जंतर-मंतर पैलेट गन मामले में दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR प्रमुख रहा।

दिल्ली में बन सकेंगी 100 मंजिला इमारतें

राजधानी दिल्ली में आने वाले समय में 100 मंजिला तक की गगनचुंबी इमारतें देखने को मिल सकती हैं। केंद्र सरकार की ओर से गुरुवार को जारी दिल्ली मास्टर प्लान 2047 (Delhi Master Plan 2047) में ऊंची इमारतों के निर्माण का प्रावधान किया गया है। इससे राजधानी की मौजूदा स्काईलाइन में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मास्टर प्लान में दिल्ली के शहरी विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ जमीन के बेहतर इस्तेमाल और वर्टिकल डेवलपमेंट पर जोर दिया गया है। इसके तहत आने वाले वर्षों में शहर में ऊंची इमारतों के निर्माण का रास्ता खुल सकता है। अभी दिल्ली की पहचान अपेक्षाकृत कम ऊंचाई वाली इमारतों और सीमित ऊंचाई वाले शहरी ढांचे के लिए रही है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली मेट्रो में ब्लू लाइन बनी यात्रियों की पहली पसंद

दिल्ली-NCR में मेट्रो नेटवर्क का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) की यात्री संख्या से जुड़ी ताजा रिपोर्ट में बड़ा बदलाव सामने आया है। लंबे समय से सबसे व्यस्त रहने वाली येलो लाइन को पीछे छोड़ते हुए ब्लू लाइन एक बार फिर दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) की सबसे अधिक यात्री सफर वाली लाइन बन गई है। DMRC की मई 2026 की आधिकारिक ‘Passenger Journey’ रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लू लाइन (Blue Line) पर मई में कुल 4,83,80,002 यात्री यात्राएं दर्ज की गईं। इस दौरान औसतन 15,60,645 यात्री यात्राएं प्रतिदिन रहीं। वहीं, येलो लाइन पर मई में 4,81,16,698 यात्री यात्राएं दर्ज हुईं और इसका औसत दैनिक आंकड़ा 15,52,152 रहा। यानी मई में ब्लू लाइन ने येलो लाइन को करीब 2.63 लाख यात्री यात्राओं से पीछे छोड़ा।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में 9वीं की R3 का नियम वापस

दिल्ली में कक्षा 9 के छात्रों को बड़ी राहत मिली है। शिक्षा निदेशालय ने तीसरी भाषा यानी R3 (Regional Language/Third Language) को लेकर लागू किए गए उस प्रावधान को वापस ले लिया है, जिसके तहत कक्षा 9 में R3 में क्वालीफाई नहीं करने वाले छात्रों के लिए कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने की राह मुश्किल हो सकती थी। अब सिर्फ R3 विषय में क्वालीफाई नहीं करने के आधार पर किसी छात्र को कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में बैठने से नहीं रोका जाएगा। शिक्षा निदेशालय के इस फैसले से दिल्ली के सरकारी और मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बड़ी संख्या में कक्षा 9 के छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है।

पढ़े पूरी खबर…..

जंतर-मंतर पैलेट गन मामले में दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के कथित इस्तेमाल के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर साहिल लोचव की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे थे और पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

UGC-आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन: दिल्ली के जंतर-मंतर पर जाति आधारित आरक्षण और UGC के इक्विटी नियमों के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाकर मौके से हटाया जा रहा है। इस दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। मौके पर दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में गैंगवार की साजिश फेल: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) क्राइम ब्रांच की टीम ने हिमांशु भाऊ गैंग (Himanshu Bhau gang) के 2 कथित शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 ग्लॉक पिस्टल बरामद करने का दावा किया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी एक महिंद्रा थार में सवार होकर बक्करवाला इलाके में एक व्यक्ति की हत्या करने के इरादे से जा रहे थे। (पढ़े पूरी खबर)

बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक की मांग: बच्चों के सोशल मीडिया (Social Media) इस्तेमाल पर रोक या नियंत्रण की मांग वाली जनहित याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। अदालत ने कहा कि बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को प्रतिबंधित या नियंत्रित करने का मामला नीतिगत विषय है और इस पर फैसला लेना केन्द्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है। हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अदालत सरकार को इस संबंध में कोई नीति बनाने या सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगाने का निर्देश नहीं दे सकती। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली का सफर होगा हाईटेक: Delhi Master Plan 2047: दिल्ली के नए मास्टर प्लान 2047 में भविष्य के परिवहन को लेकर भी कई महत्वाकांक्षी प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत राजधानी में आने वाले वर्षों में एयर टैक्सी और एयर पॉड जैसी आधुनिक परिवहन प्रणालियों को विकसित करने की योजना बनाई गई है। यानी आने वाले समय में दिल्ली में लोगों के पास मेट्रो, एक्सप्रेसवे और रैपिड रेल के साथ-साथ हवाई परिवहन के नए विकल्प भी उपलब्ध हो सकते हैं। मास्टर प्लान में इको-फ्रेंडली और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

386 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में ED का शिकंजा: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ताशी ग्रुप और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत दिल्ली-NCR में 7 स्थानों पर तलाशी और सर्वे की कार्रवाई की। एजेंसी के मुताबिक, यह कार्रवाई 19 और 20 अगस्त को की गई। ED के गुरुग्राम जोनल ऑफिस की टीम ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की। जांच के दायरे में ताशी ग्रुप से जुड़ी कई कंपनियां, एक रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल और उनसे संबंधित अन्य कंपनियां व लोग शामिल हैं। (पढ़े पूरी खबर)

बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर LG सख्त: राजधानी दिल्ली में रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को शहर में बुजुर्गों की आबादी का दोबारा आकलन करने और बुजुर्गों के लिए बनाए गए विशेष मोबाइल ऐप का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उपराज्यपाल ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि बुजुर्गों के लिए उपलब्ध इस ऐप को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें त्वरित सहायता और आपातकालीन स्थिति में तेजी से पुलिस प्रतिक्रिया मिल सके। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली-NCR में H1N1 का बढ़ा कहर: नई दिल्ली। बदलते मौसम और बढ़ती उमस के बीच दिल्ली-NCR में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी की खबर सामने आई है। दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में कुछ डॉक्टरों समेत कई लोगों के H1N1 से संक्रमित पाए जाने की जानकारी सामने आई है। इलाके में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ कुछ मरीजों में ऑक्सीजन लेवल कम होने की भी बात सामने आई है। इससे स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली वालों के लिए आसान होगा सरकारी काम: श्रमिक कार्ड बनवाना हो, बुजुर्ग पेंशन के लिए आवेदन करना हो या फिर जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ा काम अब इन सेवाओं के लिए लोगों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। दिल्ली सरकार ने सरकारी सेवाओं को लोगों के करीब लाने के लिए हर जिले में मिनी सचिवालय (mini-secretariat) बनाने की योजना तैयार की है। इन मिनी सचिवालयों में अलग-अलग विभागों के जिला कार्यालयों को एक ही परिसर में लाया जाएगा। इससे लोगों को एक ही जगह पर कई विभागों से जुड़ी सेवाएं मिल सकेंगी और सरकारी कामकाज के लिए समय और मेहनत दोनों की बचत होगी। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m