Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (22 अगस्त 2026) की खबरों में प्रदूषण फैलाने वालों पर दिल्ली सरकार सख्त, प्रति व्यक्ति आय पर अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा, दिल्ली में निर्माण कार्यों पर फुल स्टॉप, IIT दिल्ली के छात्र ने की आत्महत्या प्रमुख रहा।

प्रति व्यक्ति आय पर अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार को घेरा
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने भारत की मौजूदा प्रति व्यक्ति आय के आंकड़ों को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सरकार पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने दावा किया कि भारत की प्रति व्यक्ति आय करीब 2,800 डॉलर है, जबकि बांग्लादेश की 2,900 डॉलर है। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत प्रति व्यक्ति आय के मामले में बांग्लादेश से पीछे कैसे हो गया। केजरीवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री इस उम्मीद के साथ बनाया गया था कि वे भारत को दुनिया का सबसे अमीर देश बनाएंगे। लेकिन आज भारत की प्रति व्यक्ति आय बांग्लादेश से भी पीछे होने का दावा किया जा रहा है।

दिल्ली में निर्माण कार्यों पर फुल स्टॉप
दिल्ली में सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सरकार ने निर्माण कार्यों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने कहा कि प्रदूषण की रोकथाम के उपायों के तहत 10 दिसंबर से 20 जनवरी तक दिल्ली में निर्माण कार्यों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट के जरिए दिल्लीवासियों से अपील की कि यदि कोई इस प्रतिबंध का उल्लंघन करता है तो उसकी जानकारी सरकार को दें। उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निगरानी और कार्रवाई की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। सरकार के अनुसार, 500 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले निर्माण स्थलों की निगरानी विशेष तौर पर की जाएगी। इसके लिए दिल्ली सरकार के ‘डस्ट पोर्टल’ और AI से लैस कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।

प्रदूषण फैलाने वालों पर दिल्ली सरकार सख्त
दिल्ली सरकार (Delhi Government) राजधानी के लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ हवा उपलब्ध कराने के लिए प्रदूषण के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। सरकार ने औद्योगिक इकाइयों से होने वाले वायु प्रदूषण(Air Polution) पर निगरानी बढ़ाते हुए पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत जनवरी से जुलाई 2026 के बीच 2,011 औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इन निरीक्षणों का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण मानकों के पालन की स्थिति की जांच करना और नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करना है।

IIT दिल्ली के छात्र ने की आत्महत्या
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली में शनिवार को एक छात्र की कथित आत्महत्या से हड़कंप मच गया। 31 वर्षीय छात्र ऋषिकेश कुमार ने कथित तौर पर आईआईटी दिल्ली के लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
समीर गेहलोत से IHFCL का कनेक्शन नहीं: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) में दाखिल अपनी स्टेटस रिपोर्ट (Status Report) में कहा है कि अब तक की जांच में Indiabulls Housing Finance Limited (IHFL), जिसे अब सम्मान कैपिटल लिमिटेड के नाम से जाना जाता है, की ओर से दिए गए कर्ज और कंपनी के पूर्व प्रमोटर समीर गेहलोत (Sameer Gehlaut) से जुड़ी संस्थाओं में किए गए निवेश के बीच कोई सीधा वित्तीय संबंध नहीं मिला है। EOW के मुताबिक, जांच के इस चरण तक उपलब्ध तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर कर्ज दिए जाने और संबंधित संस्थाओं में निवेश के बीच प्रत्यक्ष वित्तीय कड़ी स्थापित नहीं हो सकी है। (पढ़े पूरी खबर)
CJP प्रवक्ता सौरव दास ने दिल्ली हाई कोर्ट में दायर की याचिका: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास (Saurabh Das) ने दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) का रुख किया है। उन्होंने राजनीतिक विश्लेषक और टिप्पणीकार अभिजीत अय्यर मित्रा के साथ-साथ विभिन्न लॉ पोर्टल और मीडिया मंचों के खिलाफ याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि इन मंचों के जरिए उनका घर का पता और व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक की गई। सौरव दास ने हाई कोर्ट से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने अपनी याचिका में कहा है कि निजी जानकारी सार्वजनिक होने से उनकी निजता, गरिमा और सुरक्षा प्रभावित हुई है। (पढ़े पूरी खबर)
DU के 15 कॉलेजों में सीधे एडमिशन: DU UG Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने स्नातक यानी UG दाखिले के लिए 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर प्रवेश का विकल्प एक बार फिर बढ़ा दिया है। विश्वविद्यालय की प्रवेश शाखा की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, अब कुछ और कॉलेजों में CUET के बजाय 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट से दाखिले शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश पाने के लिए विद्यार्थियों को संबंधित कॉलेज की ओर से निर्धारित पात्रता मानदंड पूरा करना होगा। योग्य विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट के जरिए प्रवेश दिया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
बिजली बिल पर राहत या नया विकल्प?: दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार बिजली उपभोक्ताओं को बिजली सब्सिडी (electricity subsidy) छोड़ने का विकल्प देने पर विचार कर रही है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि प्रस्तावित नए सिस्टम के तहत उपभोक्ताओं को बिजली सब्सिडी तभी मिलेगी, जब वे इसे लेने का विकल्प चुनेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में दिल्ली में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या लगातार बढ़ी है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के मंगोलपुरी में सरेआम चाकूबाजी: राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में राह चलते लोगों पर चाकू से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक शख्स ने सरेआम लोगों को निशाना बनाया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 6 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमले के कारणों और घटना में शामिल व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

