Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (27 अगस्त 2026) की खबरों में दिल्ली सरकार ने केमिस्टों को जारी की एडवाइजरी, CM रेखा गुप्ता ने बच्चों संग मनाया रक्षाबंधन, कॉकरोच जनता पार्टी की दिल्ली सरकार को डेडलाइन, दिल्ली में स्वाइन फ्लू का बढ़ा कहर प्रमुख रहा।

दिल्ली सरकार ने केमिस्टों को जारी की एडवाइजरी

दिल्ली सरकार ने राजधानी में दवा दुकानों और मेडिकल स्टोर्स के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। सरकार ने दवाओं की बिक्री बढ़ाने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए 60 से 80 फीसदी तक छूट देने जैसे भ्रामक या अतिशयोक्तिपूर्ण दावों के प्रचार से बचने की सलाह दी है। सरकार का कहना है कि इस तरह के दावे केवल ग्राहकों को भ्रमित नहीं करते, बल्कि दवाओं की गुणवत्ता और उनके स्रोत को लेकर भी सवाल खड़े कर सकते हैं। इसलिए मेडिकल स्टोर्स को दवाओं की बिक्री के दौरान किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

CM रेखा गुप्ता ने बच्चों संग मनाया रक्षाबंधन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने रक्षाबंधन (Raksha Bandhan) का त्योहार बच्चों के साथ मनाया। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी और उनका तिलक कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। बच्चों के बीच पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता ने उनके साथ समय बिताया और उन्हें प्यार-दुलार दिया। इस दौरान बच्चों के साथ मुख्यमंत्री के आत्मीय पल कैमरे में भी कैद हुए। रक्षाबंधन के मौके पर सामने आई तस्वीरों में मुख्यमंत्री बच्चों के साथ त्योहार मनाती नजर आ रही हैं। बच्चों के साथ बातचीत करते हुए उन्होंने त्योहार की खुशियां साझा कीं और उनके साथ समय बिताया।

पढ़े पूरी खबर…..

कॉकरोच जनता पार्टी की दिल्ली सरकार को डेडलाइन

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास(Saurav Das) ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) को 15 सितंबर तक की डेडलाइन दी है। उन्होंने सरकार से स्कूलों की स्थिति में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। सौरव दास ने अपने X हैंडल पर CM रेखा गुप्ता का एक वीडियो भी साझा किया है। वीडियो में मुख्यमंत्री सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करती नजर आ रही हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में स्वाइन फ्लू का बढ़ा कहर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में H1N1 (Swine flu) के बढ़ते मामलों के बीच नए आंकड़े सामने आए हैं। दिल्ली सरकार के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में H1N1 के 138 नए मामले सामने आए हैं। इन नए मामलों के बाद वर्ष 2026 में दिल्ली में H1N1 संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 2,446 हो गई है। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 2026 के दौरान इन्फ्लूएंजा-A के कुल 3,177 मामले सामने आए हैं। इनमें H1N1 के मामलों की संख्या 2,446 है। H1N1 के मामलों में अचानक बढ़ोतरी के बाद स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

नेपाल त्रासदी पर CM रेखा गुप्ता का बयान: नेपाल में आई दर्दनाक त्रासदी पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस कठिन समय में नेपाल के लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि भारत अपने पड़ोसी देश के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि नेपाल को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। (पढ़े पूरी खबर)

IIT दिल्ली छात्र की मौत की होगी स्वतंत्र जांच: IIT दिल्ली में एमएससी छात्र की मौत के बाद छात्रों का विरोध प्रदर्शन गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। इसी बीच संस्थान ने घटना की परिस्थितियों की जांच के लिए गठित बाहरी जांच समिति का पुनर्गठन किया है। अधिकारियों ने गुरुवार (27 अगस्त) को बताया कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT), दिल्ली ने जांच के लिए गठित बाहरी पैनल में बदलाव किया है। अब दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) की रिटायर्ड जज मुक्ता गुप्ता (Mukta Gupta) समिति की अध्यक्षता करेंगी। (पढ़े पूरी खबर)

जलभराव पर LG तरनजीत सिंह संधू का अधिकारियों को आदेश: दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू (Taranjit Singh Sandhu) ने बारिश के बाद होने वाले जलभराव की स्थिति को आपदा मानकर युद्धस्तर पर काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे खुद सड़कों पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करें। उपराज्यपाल ने ये निर्देश जलभराव की स्थिति को लेकर अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिए। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में मॉडल मुस्कान की हत्या: Delhi Model Muskan murder: राजधानी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार रात 21 वर्षीय युवती की उसके घर में हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, युवती की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है। वह छात्रा होने के साथ मॉडलिंग भी करती थी। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या चाकू से की गई और वारदात में उसके जिम ट्रेनर की भूमिका सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर जिम ट्रेनर को मामले में आरोपी बनाया है। हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। (पढ़े पूरी खबर)

एजेंट की गलती का खामियाजा ग्राहक क्यों भुगते: बीमा एजेंट के जरिए ली गई हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी (Health insurance Policy) में जानकारी छिपाने का आरोप लगाकर क्लेम खारिज करना स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस कंपनी को भारी पड़ गया। पश्चिमी जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने 24 अगस्त को कंपनी की दलीलों को खारिज करते हुए उपभोक्ता के पक्ष में फैसला सुनाया। आयोग ने मामले में बीमा कंपनी की ओर से क्लेम खारिज करने के आधार पर सवाल उठाए और उपभोक्ता के हक में निर्णय दिया। (पढ़े पूरी खबर)

उमर खालिद-शरजील इमाम को दिल्ली दंगों का मास्टरमाइंड: कई साल से जेल में बंद उमर खालिद (Umar Khalid) और शरजील इमाम (Sharjeel Imam) की जमानत याचिकाओं का दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने एक बार फिर विरोध किया है। 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े कथित ‘वृहद साजिश’ मामले में दोनों की ओर से दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में दाखिल याचिकाओं पर पुलिस ने अपना पक्ष रखा है। मंगलवार को दाखिल हलफनामे में दिल्ली पुलिस ने दोनों को हिंसा का कथित मास्टरमाइंड बताते हुए कहा कि उनकी जमानत याचिकाएं गलतफहमी पर आधारित हैं और कानूनी तौर पर टिकने योग्य नहीं हैं। दिल्ली पुलिस ने अपने हलफनामे में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के जनवरी में जमानत से इनकार करने के फैसले का भी हवाला दिया। (पढ़े पूरी खबर)

नरेला में 1,287 DDA फ्लैट्स पर 25% डिस्काउंट: रक्षाबंधन के मौके पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी आवास योजना की घोषणा की है। DDA ने नरेला के तेजी से विकसित हो रहे विभिन्न सेक्टरों में 1,287 HIG और MIG फ्लैट्स के लिए ‘नागरिक आवास योजना’(Citizen Housing Scheme) की आधिकारिक घोषणा की है। यह योजना नरेला के सेक्टर A-1 से A-4 के पॉकेट-3 और पॉकेट-4 में स्थित फ्लैट्स के लिए लाई गई है। योजना में शामिल सभी फ्लैट्स रेडी-टू-मूव-इन हैं। यानी बुकिंग और जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद खरीदार इनमें तुरंत रहना शुरू कर सकते हैं।  (पढ़े पूरी खबर)

जंतर-मंतर के बाद अब इंडिया गेट पर बड़ा आंदोलन: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके (Abhijit Dipke) ने दावा किया है कि 5 सितंबर को इंडिया गेट (India Gate) पर होने वाला आंदोलन जंतर-मंतर(Jantar Mantar) के प्रदर्शन से भी बड़ा होगा। केंद्र सरकार पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए CJP ने इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय (Delhi Police Headquarter) तक विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। दीपके ने संकेत दिया है कि मार्च के बाद प्रदर्शनकारी दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ सकते हैं। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m