दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ : कल (19 मई 2026) की खबरों में दिल्ली हाईकोर्ट का केजरीवाल, सिसोदिया और दुर्गेश पाठक को नया नोटिस,एशियन गेम्स ट्रायल्स में नहीं खेल पाएंगी विनेश फोगाट, दिल्ली में 8 लाख महिलाओं ने बनवाया ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’, ‘मारो और भागो’ विरोध के नाम पर हिंसा स्वीकार नहीं प्रमुख रहा।

दिल्ली हाईकोर्ट का केजरीवाल, सिसोदिया और दुर्गेश पाठक को नया नोटिस

दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने आज आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal), वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया(Manish Sisodiya) और पूर्व विधायक दुर्गेश पाठक (Durgesh Pathak) को नए नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। यह आदेश CBIकी उस याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया, जिसमें शराब नीति मामले में निचली अदालत द्वारा आरोपियों को आरोपमुक्त किए जाने को चुनौती दी गई है। CBI ने अपनी याचिका में ट्रायल कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें फरवरी में आबकारी नीति मामले से जुड़े कई आरोपियों को डिस्चार्ज कर दिया गया था। एजेंसी का कहना है कि निचली अदालत के फैसले की दोबारा जांच जरूरी है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 25 मई को तय की है।

पढ़े पूरी खबर…..

एशियन गेम्स ट्रायल्स में नहीं खेल पाएंगी विनेश फोगाट

भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) को 2026 एशियन गेम्स चयन ट्रायल्स में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं मिली है। दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने उन्हें अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद अब वह 30 और 31 मई को आयोजित होने वाले चयन ट्रायल्स में भाग नहीं ले सकेंगी। जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव (Purushendra Kumar Kaurav)  की अगुवाई वाली बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि विनेश फोगाट को पहले ही घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अयोग्य घोषित किया जा चुका है। ऐसे में बिना दूसरी पक्ष की दलील सुने उन्हें राहत देना उचित नहीं होगा।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में 8 लाख महिलाओं ने बनवाया ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’

राजधानी दिल्ली में DTC और क्लस्टर बसों में महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के लिए शुरू किए गए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ को तेजी से अपनाया जा रहा है। अब तक करीब 8 लाख महिलाएं यह कार्ड बनवा चुकी हैं, जिससे योजना के लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह स्मार्ट कार्ड महिलाओं और ट्रांसजेंडर यात्रियों के लिए बस यात्रा को आसान और डिजिटल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कार्ड के जरिए DTC और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।

पढ़े पूरी खबर…..

‘मारो और भागो’ विरोध के नाम पर हिंसा स्वीकार नहीं

दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने अपने फैसले में कहा है कि ‘मारो और भागो’ जैसी हिंसक कार्रवाइयों को लोकतंत्र के किसी भी सिद्धांत के तहत विरोध का वैध तरीका नहीं माना जा सकता। अदालत ने स्पष्ट किया कि विरोध प्रदर्शन लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, लेकिन हिंसा और अराजकता फैलाने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। जस्टिस गिरीश कथपालिया की बेंच ने 16 मई को दिए अपने आदेश में समाज के एक वर्ग द्वारा विरोध की आड़ में कथित तौर पर अशांति फैलाने वाली गतिविधियों पर भी चिंता जताई।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली के अशोक नगर थाना में भीषण आग; दिल्ली के अशोक नगर थाना परिसर में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि थाना में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिशें की गईं, लेकिन लपटें तेजी से फैलती चली गईं। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, घटना के समय थाना परिसर में अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई थी। इस बीच विधायक कुलदीप कुमार (Kuldeep Kumar) ने घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर साझा करते हुए दमकल विभाग की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना के पास ही फायर स्टेशन मौजूद होने के बावजूद करीब एक घंटे तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंचीं। विधायक के मुताबिक, आग लगने के काफी समय बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, जिससे स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली की सड़कों पर ऑटो चालक का खतरनाक स्टंट: सोशल मीडिया (Social Media) पर वायरल होने और पब्लिसिटी पाने की होड़ अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। दिल्ली की व्यस्त सड़कों पर एक ऑटो चालक के खतरनाक स्टंट (dangerous stunt) करने का मामला सामने आया है। इस हरकत ने न सिर्फ चालक की जान जोखिम में डाली बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ऑटो चालक को लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि चालक सड़क पर स्टंट करते हुए ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहा था। वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट(Motor Vehicles Act) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। (पढ़े पूरी खबर)

अवमानना केस में ऐक्शन में दिल्ली हाई कोर्ट: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल(Arvind Kejriwal), वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया(Manish Sisodiya), राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) और मंत्री सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) समेत 6 नेताओं के खिलाफ आपराधिक अवमानना मामले में सुनवाई की। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा (Justice Swarana Kanta Sharma) की अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए सभी नेताओं को नोटिस जारी किया और 4 सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। यह मामला कथित तौर पर अदालत और न्यायपालिका के खिलाफ की गई टिप्पणियों से जुड़ा है। अदालत ने कहा कि न्यायपालिका की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखना आवश्यक है। (पढ़े पूरी खबर)

थार और बलूचिस्तान की गर्म हवाओं से झुलस रही दिल्ली: Delhi Weather: राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। थार रेगिस्तान और बलूचिस्तान क्षेत्र से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं दिल्ली-NCR के मौसम को और अधिक गर्म बना रही हैं। इन रेगिस्तानी हवाओं के कारण वातावरण में नमी का स्तर काफी कम हो गया है, जिससे लोगों को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक गर्मी और बेचैनी महसूस हो रही है। सूखी और तेज हवाओं की वजह से राजधानी समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में लू जैसी स्थिति बन गई है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m