Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (16 जुलाई 2026) की खबरों में दिल्ली सरकार के नए मुख्यालय का इंतजार खत्म, सोनम वांगचुक की सेहत पर दिल्ली हाईकोर्ट गंभीर, अमित शाह की मौजूदगी में MCD-NDDB के बीच हुआ करार, महिलाओं के लिए 56 स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें प्रमुख रहा।

दिल्ली सरकार के नए मुख्यालय का इंतजार खत्म

देश की राजधानी दिल्ली में जल्द ही एक आधुनिक और हाईटेक ट्विन टावर सचिवालय (win-tower secretariat ) नजर आएगा। दिल्ली सरकार ने ITO क्षेत्र में नए सचिवालय के निर्माण के लिए ग्लोबल टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार का लक्ष्य अगस्त तक टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का है, ताकि परियोजना पर जल्द काम शुरू किया जा सके। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। नए सचिवालय को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा, जहां दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों और कार्यालयों को एक ही परिसर में संचालित करने की योजना है। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

पढ़े पूरी खबर…..

अमित शाह की मौजूदगी में MCD-NDDB के बीच हुआ करार

दिल्ली में यमुना नदी की सफाई और गाय के गोबर के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Amit Shah) की मौजूदगी में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली (MCD) और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) के बीच कंप्रेस्ड बायो-गैस (CBG) परियोजनाओं की स्थापना के लिए एक अहम समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य दिल्ली में गोबर और अन्य जैविक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कर उससे कंप्रेस्ड बायो-गैस (CBG) का उत्पादन करना है। इससे एक ओर यमुना नदी में प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।

पढ़े पूरी खबर…..

सोनम वांगचुक की सेहत पर दिल्ली हाईकोर्ट गंभीर

दिल्ली हाईकोर्ट (Delhi High Court) ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई है। वांगचुक पिछले 19 दिनों से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल अदालत में पेश हुए। उन्होंने कोर्ट को बताया कि इस मामले में पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि सोनम वांगचुक की सरकारी डॉक्टरों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जाए। अदालत ने कहा कि डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर जरूरत पड़ने पर तत्काल कदम उठाए जाएं, क्योंकि हर व्यक्ति की जिंदगी महत्वपूर्ण है।

पढ़े पूरी खबर…..

महिलाओं के लिए 56 स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें

दिल्ली सरकार ने राजधानी की महिला यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) महिलाओं के लिए विशेष रूप से 56 इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इनमें कामकाजी महिलाओं की सुविधा के लिए 30 लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बसें और छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल (U-SPL) इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

AAP के 3 MCD पार्षद तत्काल प्रभाव से सस्पेंड: दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने एक बड़ी कार्रवाई के तहत दिल्ली नगर निगम की तीन महिला पार्षदों को पार्टी से निलंबित कर दिया है. जिन तीन महिला पार्षदों को सस्पेंड किया गया है, उनके नाम हैं- निर्मला देवी (शर्मा), कृष्णा देवी राघव और सुल्ताना आबाद. दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ये सब जानकारी दी. (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली पुलिस का हेड कॉन्स्टेबल गिरफ्तार : दिल्ली पुलिस ने अपने ही विभाग के एक हेड कॉन्स्टेबल को कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया गैंग से कथित संबंध और करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवन कुमार उर्फ मक्की के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस की रिजर्व बटालियन में तैनात था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गैंग के नाम का इस्तेमाल कर कारोबारियों को धमकाने और उनसे करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने की कथित साजिश में शामिल था। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली में मतदाता सूची पुनरीक्षण की समयसीमा बढ़ी: निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम की समयसीमा बढ़ा दी है। अब राजधानी में अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। इससे पहले यह प्रक्रिया पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी होनी थी। भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में बताया कि मतदाता सूची के मसौदे (ड्राफ्ट) का प्रकाशन अब 5 अगस्त के बजाय 17 अगस्त को किया जाएगा। वहीं, घर-घर जाकर सत्यापन (डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया भी अब 29 जुलाई के बजाय 8 अगस्त तक जारी रहेगी। इस फैसले के साथ दिल्ली में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) कार्यक्रम की अवधि 10 दिन बढ़ा दी गई है। इससे पहले हरियाणा में भी इसी प्रक्रिया की समयसीमा 10 दिन बढ़ाई गई थी। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली दंगा मामले में उमर खालिद को कोर्ट से राहत: दिल्ली दंगा मामले (Delhi riots case) के आरोपी उमर खालिद (Umar Khalid ) को कड़कड़डूमा कोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने उन्हें सप्ताह में दो बार अपने परिवार से वीडियो कॉल (Video Call) के जरिए बात करने की अनुमति दे दी है। इससे पहले जेल प्रशासन की ओर से यह सुविधा घटाकर सप्ताह में एक बार कर दी गई थी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर बाजपेयी की अदालत ने उमर खालिद की याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया। अदालत ने मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ई-मुलाकात की आवृत्ति बढ़ाने की अनुमति दी। उमर खालिद ने अपनी याचिका में परिवार से नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए पहले की तरह सप्ताह में दो बार वीडियो कॉल की सुविधा बहाल करने की मांग की थी। (पढ़े पूरी खबर)

पहली कोशिश में UPSC क्रैक: केंद्र सरकार ने अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के अधिकारियों में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसके तहत वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी तनुश्री ( Tanushree) का तबादला जम्मू-कश्मीर से दिल्ली कर दिया गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश के बाद अब तनुश्री दिल्ली में अपनी सेवाएं देंगी और उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। (पढ़े पूरी खबर)

दिल्ली के हॉस्पिटल पर ED की कार्रवाई: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली स्थित रॉकलैंड्स हॉस्पिटल लिमिटेड (Rockland Hospitals Limited) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी 158 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त कर ली है। एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मामले में मनी लॉन्ड्रिंग-रोधी कानूनों के तहत की गई है। ईडी के अनुसार, जांच के दौरान मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े तथ्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि, एजेंसी ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि अस्पताल की किन-किन संपत्तियों को जब्त किया गया है। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m