Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (7 जून 2026) की खबरों में दिल्ली में ई-रिक्शा लाइसेंस नियम सख्त; दिल्ली में जल संकट पर सीएम रेखा गुप्ता बोलीं-पानी भाप बन उड़ जाता है; दिल्ली-NCR में शुरू हुई नई इलेक्ट्रिक कैब सेवा; महिला की मौत मामले में BJP विधायक राजू कुमार सिंह दोषी करार प्रमुख रहा।

1. दिल्ली में जल संकट पर रेखा गुप्ता बोलीं-पानी भाप बन उड़ जाता है
दिल्ली में जारी जल संकट के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के एक बयान को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर उनका करीब 12 सेकेंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पानी की कमी के कारणों पर बात करती नजर आ रही हैं। वीडियो में मुख्यमंत्री पानी के इवैपोरेशन (वाष्पीकरण) का जिक्र करती दिखाई देती हैं, जिसके बाद विपक्ष ने उन पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए तंज कसा कि मुख्यमंत्री दिल्ली में पानी की कमी के लिए सूरज को जिम्मेदार ठहरा रही हैं। पार्टी ने वायरल वीडियो को आधार बनाकर सरकार की जल प्रबंधन नीति पर सवाल उठाए हैं।

2. दिल्ली में ई-रिक्शा लाइसेंस नियम सख्त
दिल्ली में बढ़ती ई-रिक्शा दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था को देखते हुए परिवहन विभाग ने ई-रिक्शा और ई-कार्ट चालकों के लाइसेंस नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब लाइसेंस प्राप्त करने के लिए ई-रिक्शा डीलरों द्वारा जारी प्रशिक्षण प्रमाणपत्र मान्य नहीं होंगे। आवेदकों को केवल सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षण लेना होगा।

3. दिल्ली-NCR में शुरू हुई नई इलेक्ट्रिक कैब सेवा
दिल्ली-NCR के लोगों के लिए कैब सेवा का एक नया विकल्प उपलब्ध हो गया है। दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा(Majindar Singh Sirsa) और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह (Pankaj Kumar Singh) ने वियतनाम की मोबिलिटी कंपनी Green SM की 1000 ऐप-आधारित इलेक्ट्रिक टैक्सियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लाओस, इंडोनेशिया और फिलीपींस में सेवाएं शुरू करने के बाद अब Green SM ने भारत में भी अपनी एंट्री कर ली है। शुरुआती चरण में कंपनी की इलेक्ट्रिक कैब सेवाएं दिल्ली-NCR के प्रमुख इलाकों में उपलब्ध होंगी। बाद में मांग और उपयोगकर्ता प्रतिक्रिया के आधार पर इसका विस्तार अन्य क्षेत्रों तक किया जाएगा।

4. महिला की मौत मामले में BJP विधायक राजू कुमार सिंह दोषी करार
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने वर्ष 2018 के चर्चित हर्ष फायरिंग मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए बिहार के भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह (Raju kumar Singh) को दोषी ठहराया है। अदालत ने दोषसिद्धि के बाद उन्हें हिरासत में लेने का आदेश दिया। यह मामला 31 दिसंबर 2018 को दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक फार्महाउस में आयोजित न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग से जुड़ा है। घटना में एक महिला की मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके की अचानक बिगड़ी तबियतः जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन खत्म हो गया है। समर्थकों को संबोधित करते हुए, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सार्वजनिक विरोध प्रदर्शनों और रैलियों के महत्व का बचाव करते हुए कहा कि ये इस बात की याद दिलाते हैं कि युवा लोग अपने से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। गौरतलब है कि, गर्मी और भारी संख्या में भीड़ में कॉकरोच जनता पार्टी के हेड अभिजीत दीपके की अचानक तबियत बिगड़ गई और पहले उन्हें मंच के पीछे बैठाया गया और फिर बाद में गाड़ी में बैठाया गया। हालांकि, खबर है कि वे अभी पूरी तरह स्वस्थ है और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। (पूरी खबर पढ़े)
मालवीय नगर अग्निकांड में गेस्ट हाउस शेफ केशव नेगी गिरफ्तारः मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड (Malviya Nagar fire incident) के बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के तहत मालवीय नगर स्थित उस गेस्ट हाउस के 65 वर्षीय शेफ केशव नेगी(Keshav Negi) को गिरफ्तार किया गया है, जहां आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक कुल 2 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियां आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों के पालन और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। (पूरी खबर पढ़े)
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

