Delhi News Brief (दिल्ली न्यूज ब्रीफ): कल (28 सितंबर 2026) की खबरों में केजरीवाल का प्रवेश वर्मा पर हमला, AAP ने की FIR की मांग, CM रेखा गुप्ता ने ‘उद्योग मित्र पोर्टल’ किया लॉन्च, एक करोड़ की रंगदारी न देने पर फाइनेंसर को मारने पहुंचा बदमाश अरेस्ट, दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर सख्ती, कंस्ट्रक्शन पर रोक, अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी को दिए Gen Z से जुड़ने के टिप्स प्रमुख रहा।

केजरीवाल का प्रवेश वर्मा पर हमला, AAP ने की FIR की मांग
Delhi Slap Case: दिल्ली में सड़क की खराब गुणवत्ता को लेकर हुए विवाद के बाद PWD मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी और प्रवेश वर्मा पर तीखा हमला बोला है। AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने घटना की निंदा करते हुए मंत्री को बर्खास्त करने और जनता से माफी मांगने की मांग की है।

CM रेखा गुप्ता ने ‘उद्योग मित्र पोर्टल’ किया लॉन्च
दिल्ली की रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) सरकार ने राजधानी के कारोबारियों के लिए ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ (Delhi Udyog Mitra Portal) लॉन्च किया है। सरकार के मुताबिक, इस पोर्टल के जरिए कारोबारियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही जगह पर कई जरूरी सेवाएं उपलब्ध होंगी। कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पोर्टल के लॉन्च की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली के कारोबारियों के लिए ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ की शुरुआत की है।

एक करोड़ की रंगदारी न देने पर फाइनेंसर को मारने पहुंचा बदमाश अरेस्ट
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी के एक फाइनेंसर से कथित तौर पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश के मामले में हरेंद्र नागर उर्फ केडी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फाइनेंसर को सुरक्षा देने के नाम पर रकम मांगी थी। भुगतान से इनकार करने पर वह कथित तौर पर उसे जान से मारने के इरादे से दिल्ली आया था।

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर सख्ती, कंस्ट्रक्शन पर रोक
दिल्ली में सर्दियों के दौरान प्रदूषण की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार ने कई अहम फैसले लिए हैं। सरकार ने धूल और निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए चरणबद्ध तरीके से रोक लगाने का आदेश जारी किया है। सरकारी आदेश के मुताबिक, 1 नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक धूल पैदा करने वाली डिमोलिशन गतिविधियों और बाहरी सिविल कंस्ट्रक्शन गतिविधियों पर रोक रहेगी।

अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी को दिए Gen Z से जुड़ने के टिप्स
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर निशाना साधा। उन्होंने Gen Z से जुड़ने के लिए प्रधानमंत्री को कुछ सुझाव देते हुए दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
प्रवेश वर्मा थप्पड़ कांड में नया मोड़: दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और साहिब सिंह नाम के युवक के बीच हुए विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। अब इस मामले में साहिब सिंह को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि साहिब सिंह के खिलाफ एक MCD कर्मचारी के साथ मारपीट का मुकदमा पहले से दर्ज है। बताया जा रहा है कि इस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी हो चुकी है और फिलहाल वह जमानत पर है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली की अवैध कॉलोनियों में सड़क-ड्रेनेज का काम शुरू: दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने रविवार को किराड़ी, बवाना, मुंडका, नरेला और नांगलोई जाट विधानसभा क्षेत्रों की अनधिकृत कॉलोनियों में 214.12 करोड़ रुपये की लागत से 53 विकास कार्यों का शिलान्यास किया। सरकार के मुताबिक, इन विकास कार्यों का उद्देश्य अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली-NCR में बढ़ते रेप मामलों पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई चिंता : दिल्ली-NCR में हाल के दिनों में सामने आए रेप के मामलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने सोमवार को स्वतः संज्ञान लिया। इनमें दिल्ली में चलती स्लीपर बस में नाबालिग के साथ कथित यौन अपराध का मामला भी शामिल है। कोर्ट ने इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। (पढ़े पूरी खबर)
महिला पहलवानों की याचिका पर अदालत सख्त: भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Singh) को यौन उत्पीड़न मामले में बरी किए जाने के खिलाफ चार महिला पहलवानों की ओर से दायर अपील पर राउज एवेन्यू अदालत (Rouse Avenue Court) ने सोमवार को नोटिस जारी किया। अदालत ने बृजभूषण शरण सिंह और मामले में सह-आरोपी विनोद तोमर से जवाब मांगा है। विशेष न्यायाधीश दिग्विनय सिंह ने दोनों आरोपियों को नोटिस जारी करते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 9 अक्टूबर की तारीख तय की है। अब आरोपियों की ओर से अपील पर अपना पक्ष अदालत के समक्ष रखा जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
नमो भारत कॉरिडोर पर सुरक्षा कड़ी: दिल्ली से मेरठ के बीच चलने वाली देश की पहली सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन ‘नमो भारत’ के यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। मेट्रो और रेलवे पुलिस की तर्ज पर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) रैपिड रेल कॉरिडोर के लिए विशेष सुरक्षा मॉडल तैयार कर रही है। पुलिस की योजना नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर (Namo Bharat Train Corridor) और इसके प्रमुख मल्टीमॉडल हब की सुरक्षा के लिए 5 नए थाने स्थापित करने की है। इन थानों के जरिए कॉरिडोर, स्टेशन और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


