दिल्ली-NCR में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजधानी के कई इलाकों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद शहर की हवा की गुणवत्ता (AQI) में भी सुधार देखा गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को भी दिल्ली-NCR के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा।हालांकि, IMD का कहना है कि अगले 7 दिनों तक दिल्ली के अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है, जबकि बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।

IMD के अनुसार, मंगलवार (21 जुलाई) को राजधानी का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिनभर बादल छाए रहने और बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि, वातावरण में नमी का स्तर काफी अधिक बना रहा। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता (Humidity) 100 प्रतिशत और न्यूनतम 81 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिक नमी के कारण कुछ समय के लिए उमस महसूस हुई, लेकिन बारिश ने मौसम को अपेक्षाकृत आरामदायक बनाए रखा।

तेज हवाओं से मौसम हुआ सुहावना

बीते 24 घंटों के दौरान दिल्ली के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस अवधि में राजधानी का न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने बताया कि बारिश के दौरान दक्षिण-पूर्वी दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण मौसम सुहावना बना रहा और वातावरण में गर्मी का असर काफी कम हो गया।

IMD का येलो अलर्ट जारी

IMD ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश और बादलों के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। IMD ने बताया कि सुबह से दोपहर के बीच 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। झोंकों के दौरान हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, शाम या रात के समय राजधानी के कुछ हिस्सों में एक बार फिर हल्की बारिश हो सकती है।

बारिश के बाद दिल्ली की हवा हुई साफ

दिल्ली-NCR में हुई बारिश का असर वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार शाम 4 बजे राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 69 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ (Satisfactory) श्रेणी में आता है। बारिश और तेज हवाओं के कारण वातावरण में मौजूद प्रदूषक कणों का स्तर कम हुआ, जिससे राजधानी की हवा पहले की तुलना में अधिक साफ दर्ज की गई। इससे लोगों को प्रदूषण से भी राहत मिली है।सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच AQI को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

जलभराव रोकने के लिए दिल्ली सरकार का बड़ा कदम

राजधानी में मॉनसून के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर सभी 13 जिलों में जिला स्तरीय समन्वय समितियों (District Level Coordination Committees-DLCCs) का गठन किया गया है। इन समितियों का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जलभराव की रोकथाम और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। सरकार के अनुसार, प्रत्येक समिति में संबंधित नगर निगम के उपायुक्त, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (PWD) के कार्यकारी अभियंता, दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के संबंधित कार्यकारी अभियंता शामिल होंगे। इसके अलावा संबंधित जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) भी समिति का हिस्सा होंगे, ताकि बारिश के दौरान यातायात प्रबंधन और आपात स्थिति में समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m