Delhi Traffic: दिल्ली की सड़कों पर लगने वाले जाम से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। अब वाहन चालकों को सफर शुरू करने से पहले ही रास्ते की ट्रैफिक स्थिति की जानकारी मिल सकेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने इसके लिए शहरभर में डिजिटल साइन बोर्ड लगाए हैं। इन बोर्ड के जरिए लोगों को अलग-अलग तरह की ट्रैफिक से जुड़ी जानकारियां मिलेंगी, जिससे वे अपने सफर की बेहतर योजना बना सकेंगे। इन डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड (Digital display board) पर वाहन चालकों को आगे के रास्ते पर ट्रैफिक की स्थिति, जाम, डायवर्जन और अन्य जरूरी अपडेट की जानकारी दी जाएगी। इससे लोग जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकेंगे।
अब वाहन चालकों को रास्ते पर निकलने से पहले और सफर के दौरान रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट मिल सकेंगे। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शहरभर में 90 से ज्यादा वेरिएबल मैसेज साइनबोर्ड (VMS) लगाए हैं। इन डिजिटल बोर्ड के जरिए लोगों को ट्रैफिक जाम, बंद रास्तों, सड़क मरम्मत और गड्ढों के कारण प्रभावित मार्गों की जानकारी दी जाएगी। शहर में कुल 92 डिजिटल साइन बोर्ड इंस्टॉल किए गए हैं, जिनमें से 50 बोर्ड को चालू कर दिया गया है। बाकी साइन बोर्ड को भी जल्द शुरू करने की तैयारी है।
नियमों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी
दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगाए गए वेरिएबल मैसेज साइनबोर्ड (VMS) अब सिर्फ जाम की जानकारी ही नहीं देंगे, बल्कि सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों से जुड़ी अहम जानकारियां भी उपलब्ध कराएंगे। इन डिजिटल साइन बोर्ड के जरिए वाहन चालकों को रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट के साथ-साथ सड़क सुरक्षा संदेश, ट्रैफिक नियमों की जानकारी और नियम तोड़ने वालों पर की गई कार्रवाई का डेटा भी दिखाया जाएगा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) एसके सिंह के मुताबिक, रियल टाइम ट्रैफिक डेटा कई स्रोतों से जुटाया जाता है। इसमें ट्रैफिक अधिकारियों से मिलने वाली जानकारी, ट्रैफिक कंट्रोल रूम में आने वाले कॉल और मैसेज के अलावा सोशल मीडिया पोस्ट भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इंटरफेस यूनिट में तैनात कर्मचारी इन जानकारियों की जांच करते हैं और पुष्टि के बाद जरूरी अपडेट डिजिटल साइन बोर्ड पर जारी किए जाते हैं।
फाइबर–ऑप्टिक नेटवर्क के जरिए
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी की जांच के बाद उसे फाइबर-ऑप्टिक नेटवर्क के जरिए तुरंत सड़कों पर लगे डिजिटल बोर्ड तक भेजा जाता है। इससे वाहन चालकों को जाम, डायवर्जन और अन्य जरूरी अपडेट समय पर मिल सकेंगे। स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल ट्रैफिक पुलिसकर्मी पश्चिमी दिल्ली के इंद्रपुरी स्थित टोडापुर ट्रैफिक पुलिस हेडक्वार्टर के पीआईयू (पुलिस इंटीग्रेशन यूनिट) से इन डिजिटल साइनबोर्ड पर संदेश भेजते हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में सभी डिजिटल साइनबोर्ड को शहर की सड़कों पर लगे ट्रैफिक सिग्नल और कैमरों से जोड़ा जाएगा। इसके बाद AI आधारित सिस्टम ट्रैफिक की स्थिति का विश्लेषण करेगा और उसी के अनुसार बोर्ड पर संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे।
क्या–क्या मैसेज दिखाई देंगे?
एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) विजयंता आर्या गोयल के मुताबिक, डिजिटल साइन बोर्ड पर मुख्य रूप से इस तरह के संदेश दिखाई देंगे आगे भीड़ के कारण ट्रैफिक धीमा है ,टनल, सड़क या फ्लाईओवर बंद होने की जानकारी ,रखरखाव कार्य के कारण सड़क बंद होने का अलर्ट ,वाहन चालकों को वैध PUC (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र) साथ रखने की अपील ,रेड लाइट पर इंजन बंद करने का संदेश इन डिजिटल बोर्ड का उद्देश्य वाहन चालकों को समय रहते जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे जाम वाले रास्तों से बच सकें और ट्रैफिक नियमों का पालन कर सकें।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

