दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान लगभग 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जिससे लू और तेज गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। इसी को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को खासकर दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार (24 अप्रैल) को दिल्ली-एनसीआर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। Delhi में दिनभर तेज धूप निकलेगी और आसमान साफ रहेगा। दोपहर के समय तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे गर्मी का असर ज्यादा तेज रहेगा। हालांकि शाम होते-होते तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे हल्की राहत मिल सकती है।

44 डिग्री तक जाएगा तापमान

गुरुवार को इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली  के सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले तीन दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

कब होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 26 अप्रैल को दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन दोपहर बाद गरज-चमक के साथ बारिश, धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके चलते तापमान में गिरावट आ सकती है और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। इसके बाद 27 अप्रैल को भी मौसम आंशिक रूप से बदला रह सकता है और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।

कई राज्यों में पारा चढ़ा

पंजाब और हरियाणा उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है।  तापमान सामान्य से लगभग 3–4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। पंजाब के बठिंडा में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि हरियाणा के रोहतक में 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं चंडीगढ़ में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। दक्षिण भारत में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। Kerala में आईएमडी ने कोल्लम, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां लू चलने की चेतावनी दी गई है और तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है, जो सामान्य से काफी अधिक है।उधर Rajasthan में भी भीषण गर्मी का दौर जारी है और कई इलाकों में तापमान लगातार ऊंचा बना हुआ है। कुल मिलाकर देश के कई हिस्सों में गर्मी और हीटवेव का प्रभाव अभी भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।

 25 के बाद छाए रहेंगे बादल

शुक्रवार को मौसम का असर पूरे शहर में लगभग एक जैसा रहने की संभावना है, लेकिन इलाकों के हिसाब से लू और धूप की तीव्रता अलग-अलग महसूस की जाएगी। उत्तरी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और तेज लू चलने की स्थिति बनी रहेगी। वहीं नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली में चिलचिलाती धूप दिनभर परेशान कर सकती है, हालांकि कल से हल्के बादल छाने की संभावना जताई गई है।

दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी दिल्ली में भी लगभग इसी तरह की गर्म और शुष्क स्थिति बनी रहेगी, जहां गर्म हवाएं और दोपहर में बढ़ता तापमान लोगों को परेशान कर सकता है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित पूरे एनसीआर में भी लू का असर जारी रहेगा। हालांकि 25 अप्रैल के बाद इन सभी क्षेत्रों में आंशिक बदलाव और बादल छाने की संभावना जताई गई है, जिससे कुछ राहत मिल सकती है।

मानसून से पहले नालों की सफाई का 57% काम पूरा

मानसून को ध्यान में रखते हुए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने राजधानी में नालों की सफाई और डी-सिल्टिंग का काम तेज कर दिया है। अब तक करीब 57% काम पूरा हो चुका है और लगभग 16.48 लाख घन मीटर सिल्ट निकाली जा चुकी है। पिछले साल जलभराव की समस्या को देखते हुए इस बार कुल 76 नालों की डी-सिल्टिंग का लक्ष्य तय किया गया है, जिनसे करीब 28.57 लाख घन मीटर सिल्ट हटाई जानी है।

समीक्षा के दौरान मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बचे हुए कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिकता वाले 21 नालों में 76% से अधिक काम पूरा हो चुका है। वहीं नजफगढ़ ड्रेन सिस्टम में लगभग 48% और अन्य 55 नालों में 63% से ज्यादा सफाई कार्य पूरा हो चुका है। विभाग का कहना है कि इस बार काम की निगरानी और जवाबदेही पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो। साथ ही, सफाई कार्य को और तेज करने के लिए 94 करोड़ रुपये की लागत से 38 आधुनिक मशीनें जैसे ड्रैगलाइन, हाइड्रोलिक और एम्फीबियस एक्सकेवेटर तथा ड्रेजर खरीदी जा रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m