शब्बीर अहमद, भोपाल। राज्यसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच एमपी कांग्रेस के अंदर एक बार फिर दिग्विजय सिंह को राज्यसभा भेजने की मांग उठ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दिग्विजय सिंह को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। वहीं बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं में एक दूसरे को नीचा दिखाने का कॉम्पटीशन चल रहा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दिग्विजय सिंह को राज्यसभा भेजा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार हाईकमान चर्चा कर निर्णय लेंगे। पीसी शर्मा ने बताया कि जल्द ही कांग्रेस उम्मीदवार के नाम का ऐलान होगा। दिग्विजय सिंह, कमलनाथ अपना फैसला लेंगे।
राज्यसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में चर्चा
इधर, राज्यसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में चर्चा होगी। जिसमें मध्य प्रदेश की सीट को लेकर रणनीति बनेगी। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार कांग्रेस आलाकमान से मुलात करेंगे। इस दौरान राज्यसभा के नामों पर मंथन होगा। आपको बता दें कि तीन दिन में दूसरी बार राज्यसभा के नामों पर चर्चा होगी। रायशुमारी कर एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश होगी।
बीजेपी बोली- नीचा दिखाने का चल रहा कॉम्पटीशन
वहीं राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के मंथन पर बीजेपी ने तंज कसा है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सारी सभाएं बिगड़ी हुई है। उसमें राज्यसभा भी बिगड़ी हुई है। कांग्रेस पार्टी में नेताओं में एक दूसरे को नीचा दिखाने का कॉम्पटीशन चल रहा है। कांग्रेस जैसी चल रही है, जितनी दिन और चले ऐसी ही चलेगी।
18 जून को मतदान
आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, 1 जून 2026 से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी। 11 जून को नाम वापस की अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। वहीं 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
एमपी की तीन राज्यसभा सीटों पर होगा वोटिंग
10 राज्यों की 24 सीटों पर चुनाव होगा। जिसमें गुजरात, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 4-4 सीटों पर वोटिंग होनी है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3 सीटों पर चुनाव होगा। वहीं झारखंड में 2, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक सीट पर इलेक्शन होगा।
मध्य प्रदेश में इनका कार्यकाल हो रहा खत्म
राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा और रवनीत सिंह बिट्टू समेत 24 नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। वहीं मध्यप्रदेश से दिग्विजय सिंह, जॉर्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी की राज्यसभा सीट खाली हो रही है।
एमपी विधानसभा में अभी किसके कितने विधायक ?
मध्य प्रदेश विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 164, कांग्रेस 64 विधायक हैं। एमपी में विधायकों की संख्या को देखते हुए बीजेपी के खाते में दो और कांग्रेस को एक सीट मिलेगी।

