चेतन योगी, देवास। मध्य प्रदेश की देवास पुलिस ने धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की आस्था को निशाना बनाने वाले एक बेहद शातिर और संगठित अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह विशेष रूप से कथा और प्रवचनों में आने वाली महिला श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन उड़ाने में माहिर था। पुलिस ने महज तीन दिन के भीतर कार्रवाई करते हुए गिरोह के 7 सदस्यों जिसमें 4 महिलाएं और 3 पुरुष हैं को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पिछले 15 दिनों में की गई 9 वारदातों का खुलासा हुआ है।
ये भी पढ़ें: बीना-ग्वालियर पैसेंजर में 16 लाख के गहने पार: शातिर चोरों ने चलती ट्रेन में काटा ट्रॉली बैग, 10 सदस्यीय टीम जांच में जुटी
तमिलनाडु के मूल निवासी, दिल्ली से ऑपरेट होता था गिरोह
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं लेकिन वर्तमान में दिल्ली में रहकर देश के अलग-अलग राज्यों में गोल्ड चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। इस शातिर गिरोह के खिलाफ दिल्ली, मुंबई और हरियाणा में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
लग्जरी कार से सफर और ‘त्रिनेत्रम’ से टूटी चोरों की कमर
गिरोह के काम करने का तरीका बेहद हाईटेक और शातिर था। आरोपी वारदात के लिए लग्जरी कार से सफर करते थे और किसी को शक न हो, इसलिए गिरोह की महिलाओं को आगे रखते थे। इनके मोबाइल फोन से देश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली कथा, प्रवचन और धार्मिक आयोजनों की पूरी कुंडली मिली है।
10 जून को देवास की मंडी धर्मशाला में आयोजित श्रीमद भागवत कथा के दौरान इस गिरोह ने एक महिला के गले से 3.5 लाख रुपये की सोने की चेन और पेंडेंट पार कर दिया था। वारदात के बाद आरोपी चकमा देने के लिए 500 मीटर पैदल चले, फिर ऑटो से हाईवे पहुंचे और वहां खड़ी अपनी लग्जरी कार से फरार हो गए। लेकिन देवास पुलिस के ‘त्रिनेत्रम’ सीसीटीवी नेटवर्क ने उनके पूरे रूट को ट्रेस कर लिया और अगली वारदात को अंजाम देने से पहले ही इन्हें भोपाल से दबोच लिया।
ये भी पढ़ें: चोरों का आतंक: ढीमरखेड़ा के ठिर्री गांव में घर को बनाया निशाना, नगदी-मोबाइल समेत लाखों के सोने-चांदी के जेवर पार, गांव के ही कुछ लोगों पर संदेह
15 दिन में 9 वारदातें, 50 लाख का मशरूका बरामद
देवास के पुलिस अधीक्षक (SP) पुनीत गेहलोद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस गिरोह ने जून महीने के महज 15 दिनों में आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, जबलपुर और देवास सहित कुल 9 बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 156 ग्राम वजनी चोरी की सभी 9 सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल होने वाली लग्जरी कार और महंगे मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है, जिससे कई अन्य बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

