धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले ने कृषि क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश का पहला ऐसा जिला बनने का गौरव प्राप्त किया है, जहां प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) के माध्यम से किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा और खेती अधिक आसान, सटीक और किफायती बनेगी।

बता दें कि धमतरी के ग्राम लोहरसी में आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने जिले की 10 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में ड्रोन स्प्रेयर सुविधा का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मंत्री ने स्वयं ड्रोन उड़ाकर इसकी कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और आधुनिक कृषि तकनीक को किसानों तक पहुंचाने की इस पहल को महत्वपूर्ण बताया।

नई व्यवस्था के तहत किसान अब संबंधित सहकारी समितियों के माध्यम से नाममात्र के सेवा शुल्क पर अपने खेतों में ड्रोन से उर्वरक एवं कीटनाशकों का छिड़काव करा सकेंगे। ड्रोन तकनीक के उपयोग से कम समय में अधिक क्षेत्र में सटीक छिड़काव संभव होगा, जिससे श्रम, समय और लागत में कमी आएगी। साथ ही रसायनों का संतुलित उपयोग होने से फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन में भी सुधार की उम्मीद है।

इस योजना के तहत केवल ड्रोन सेवा ही नहीं, बल्कि इन प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न डिजिटल सेवाओं और शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

प्रारंभिक चरण में जिले की बोड़रा, लोहरसी, दोनर, अछोटा, खरेंगा, भोथीडीह, कुंडेल, गाड़ाडीह, जुगदेही और करेली प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों को इस सुविधा से जोड़ा गया है। आने वाले समय में इस मॉडल को प्रदेश के अन्य जिलों में भी विस्तार दिए जाने की संभावना है।

सरकार का मानना है कि ड्रोन आधारित कृषि सेवाओं के विस्तार से खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ कृषि लागत कम करने में भी मदद मिलेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H