प्रतीक पटनायक, धमतरी। किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद और कीटनाशी उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिले में निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। नगरी विकासखंड में अनियमितता पाए जाने पर दो उर्वरक और छह कीटनाशी विक्रय केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 दिनों के लिए बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।

266 रुपये की यूरिया 500 से 800 रुपये में बेचने की शिकायत

बेलरगांव क्षेत्र में 266 रुपये निर्धारित कीमत वाली यूरिया खाद को 500 से 800 रुपये तक में बेचे जाने की शिकायत सामने आई। शिकायत के बाद कृषि विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।

जांच में दो उर्वरक दुकानों में मिली अनियमितता

जांच के दौरान मेसर्स के.के. कृषि केन्द्र, घुरावड़ और मेसर्स माधुरी बीज भण्डार में उर्वरक विक्रय से जुड़ी अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों पर आगामी 15 दिनों तक उर्वरक विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

छह कीटनाशी विक्रय केंद्र भी कार्रवाई की जद में

कीटनाशी विक्रय में अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने छह दुकानों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। इनमें महेन्द्र कृषि केन्द्र, देवांगन ट्रेडर्स, महामाया ट्रेडर्स, बालाजी राघव कृषि केन्द्र, एस.एस. कृषि केन्द्र और रघुपति कृषि केन्द्र शामिल हैं। इन सभी केंद्रों पर 15 दिनों के लिए कीटनाशी की बिक्री प्रतिबंधित की गई है।

बिना बिल बिक्री और कालाबाजारी पर भी सख्ती

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलना, बिना बिल कृषि सामग्री बेचना, अवैध भंडारण, कालाबाजारी या अमानक उत्पादों का विक्रय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

किसानों को उचित कीमत पर खाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता

विभाग के अनुसार किसानों को उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण खाद और कीटनाशी उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए जिले में कृषि सामग्री के भंडारण और विक्रय केंद्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। विभाग ने साफ किया है कि अनियमितता मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H