रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। धार शहर की कीमती और प्राइम लोकेशन पर स्थित करीब 50 हजार स्क्वायर फीट शासकीय नजूल की भूमि पर बने 100 साल से भी पुराने मसीह अस्पताल के जर्जर भवन को जमींदोज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भारी पुलिस बल, राजस्व विभाग और नगरपालिका के प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में दो जेसीबी मशीनों से इस जीर्ण-शीर्ण भवन को ढहाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: मरीजों की जेब पर डाका! भोपाल AIIMS में 7 गुना महंगी दवाओं का सौदा, छिड़ा भीषण सियासी संग्राम, दिल्ली से बैठी जांच!

राजा ने महिला अस्पताल के लिए दी थी जमीन, माफिया ने किया ‘खेल’

ऐतिहासिक दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक ग्राम नौगांव के खसरा नंबर 770 की यह बेशकीमती जमीन तत्कालीन राजा द्वारा महिलाओं के अस्पताल के लिए दान में दी गई थी। आज भी यह भूमि सरकारी रिकॉर्ड में शासकीय नजूल दर्ज है। लेकिन धार शहर के कुछ रसूखदार भू-माफियाओं की गिद्ध दृष्टि इस पर पड़ गई और उन्होंने अवैध तरीके से इस करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन को खुर्द-बुर्द कर दिया था।

इस बड़े घोटाले की भनक लगते ही राजस्व विभाग ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए नौगांव थाने पर भू-माफियाओं के खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज करवाया था। इसके बाद 20 दिसंबर 2019 को राजस्व विभाग ने इस पूरे परिसर को रखरखाव और कब्जे के लिए आधिकारिक तौर पर नगरपालिका को सौंप दिया था।

हाई कोर्ट से भी नहीं मिली राहत, अब जनता को मिलेगी बड़ी सौगात

प्रशासन की इस कार्रवाई को रोकने के लिए भू-माफियाओं के सिंडिकेट ने इंदौर हाई कोर्ट में पिटीशन भी दाखिल की थी। लेकिन अदालत ने मामले की गंभीरता और सरकारी दस्तावेजों को देखते हुए भू-माफियाओं को किसी भी तरह की राहत देने से साफ इनकार कर दिया। कोर्ट से हरी झंडी मिलने और कानूनी अड़चनें दूर होने के बाद आज प्रशासनिक अमला पूरे लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंचा।

ये भी पढ़ें: लाखों के सोलर पैनल 9 साल से खा रहे जंग, जबलपुर नगर निगम के इस कारनामे पर कौन देगा जवाब?

कार्रवाई के दौरान नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) विश्व प्रताप सिंह, तहसीलदार दिनेश कुमार उइके सहित तमाम पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी डटे रहे। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि माफिया के चंगुल से मुक्त कराई गई इस बेहद कीमती सरकारी जमीन पर भविष्य में धार नगर की आम जनता के हित के लिए कोई विशेष योजना या बड़ी सौगात लाई जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m