इंदर कुमार, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर नगर निगम का एक और हैरान कर देने वाला कारनामा सामने आया है, जो सरकारी पैसों को उड़ाने और प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता सबूत है। नगर निगम की ही एक बिल्डिंग की छत पर लाखों रुपये की लागत से स्थापित किया गया 50 किलोवाट का ऑन-लाइन ग्रिड सोलर पैनल सिस्टम पिछले 9 सालों से जंग खा रहा है और ताले में बंद पड़ा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा प्लांट चालू होने के अगले ही दिन बंद कर दिया गया था, जिसके बाद आज तक किसी ने इसकी सुध नहीं ली।

ये भी पढ़ें: 20 हजार की घूस मांगना जिला न्यायालय के अधिकारी को पड़ा भारी, लोकायुक्त ने सर्किट हाउस में बिठाकर शुरू की जांच

30 लाख की लागत, चालू होने के अगले ही दिन ‘खेल’ खत्म

जानकारी के मुताबिक पर्यावरण संरक्षण और बिजली बिल का खर्च कम करने के उद्देश्य से नगर निगम की बिल्डिंग पर करीब 30 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से यह 50 किलोवाट का ऑन-लाइन ग्रिड सोलर सिस्टम तैयार किया गया था। निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों की जुगलबंदी का आलम देखिए कि यह करोड़ों की योजना उद्घाटन या चालू होने के महज अगले ही दिन रहस्यमयी ढंग से बंद हो गई।

सामान उखाड़ ले गए, छत पर सिर्फ ढांचा बचा

यही नहीं प्लांट बंद होने के बाद इस पूरे सिस्टम के महत्वपूर्ण उपकरण जैसे कीमती मीटर, बैटरियां और अन्य जरूरी सामान कबाड़ चोर या संबंधित लोग उखाड़कर ले गए। आज स्थिति यह है कि लाखों रुपये के सोलर पैनल सिर्फ एक लोहे के ढांचे की तरह छत पर शोपीस बने हुए हैं।

निगम दफ्तर से महज 100 फीट की दूरी, फिर भी अंधेर नगरी!

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा और गंभीर सवाल नगर निगम की कार्यप्रणाली पर खड़ा होता है। यह सोलर पैनल सिस्टम जिस बिल्डिंग पर लगा है, वह नगर निगम के मुख्य प्रशासनिक कार्यालय से महज 100 फीट की दूरी पर स्थित है।

ये भी पढ़ें: मरीजों की जेब पर डाका! भोपाल AIIMS में 7 गुना महंगी दवाओं का सौदा, छिड़ा भीषण सियासी संग्राम, दिल्ली से बैठी जांच!

ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि निगम के आला अधिकारियों, इंजीनियरों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की नजरों से ठीक नाक के नीचे लगा इतना भारी-भरकम सोलर पैनल सिस्टम 9 सालों तक कैसे बचा रह गया? यह लापरवाही साफ दर्शाती है कि फाइलों में विकास दिखाने के बाद जमीनी स्तर पर सरकारी संपत्तियों की कितनी परवाह की जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m