रेणु अग्रवाल, धार। रीवा मेडिकल कॉलेज में महिलाओं के शवों के साथ कथित अनैतिक कृत्य को लेकर शुरू हुआ सियासी घमासान अब और तेज हो गया है। कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है। धार जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए सिंघार ने इस पूरे मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

READ MORE: जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव सख्त: सागर पहुंचकर पीड़ितों से की मुलाकात, अधिकारियों को दिया फ्री-हैंड

विधायक जिम्मेदारी के साथ बोल रहे हैं, सरकार कराए जांच

धार जिले के गंधवानी विधानसभा क्षेत्र से विधायक और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार अपने क्षेत्र में गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान रीवा मेडिकल कॉलेज से जुड़े विवाद पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “अभय मिश्रा एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि हैं और वे जो भी बोल रहे हैं पूरी जिम्मेदारी के साथ बोल रहे हैं। सरकार को इस मामले को हलके में न लेते हुए तत्काल उच्च स्तरीय जांच करानी चाहिए।”

विधायक की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक देश में अपनी बात रखना और शांतिपूर्ण धरने पर बैठना हर जनप्रतिनिधि का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर विधायक को गिरफ्तार क्यों किया जा रहा है?

READ MORE: बाढ़ के जख्मों पर मरहम लगाने चित्रकूट पहुंचे कैलाश विजयवर्गीय, पीड़ितों को राहत सामग्री के साथ थमाए मदद के चेक

इतने घिनौने कृत्य पर मुख्यमंत्री चुप क्यों?

प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए उमंग सिंघार ने कहा कि अगर मेडिकल कॉलेज जैसी जगह पर इतना घिनौना कृत्य होने के आरोप लग रहे हैं, तो प्रदेश के मुख्यमंत्री इस संवेदनशील मुद्दे पर खामोश क्यों हैं? उन्होंने मांग की है कि मामले की सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m