कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। जिले के आंतरी का एक मोहल्ला इन दिनों रहस्यमयी घटनाओं के कारण चर्चा में है। यहां बघेल परिवार के पांच घरों में बार-बार अचानक आग लगने की घटनाओं का दावा किया जा रहा है। कभी पलंग जल जाता है… कभी गद्दा… कभी कपड़े… तो कभी अलमारी और बक्से। परिवारों का कहना है कि अब तक उनकी पूरी गृहस्थी लगभग तबाह हो चुकी है। कुछ लोग इसे दैवीय प्रकोप मान रहे हैं, तो कुछ भूत-प्रेत की बात कर रहे हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासन को अब तक आग लगने का कोई स्पष्ट कारण नहीं मिला है।
आज किस घर में आग लगी
ये कोई फिल्म का सेट नहीं है…ये ग्वालियर के आंतरी का वो मोहल्ला है… जहां हर सुबह लोगों की पहली नजर इस बात पर जाती है… कि आज किस घर में आग लगी…किसी का पलंग राख हो गया…किसी के कपड़े खाक…किसी का बक्सा…तो किसी का गद्दा…जल चुका होता है। स्थानीय लोगो का दावा है कि गाय-भैंस भी आग से झुलस चुकी हैं।इन पांच घरों में रहने वाले करीब 50 लोगों की जिंदगी अब घर के कमरों में नहीं बल्कि दहलीज, आंगन और पड़ोसी की दुकानों में गुजर रही है।
रहस्य गहराता ही जा रहा
डर इतना गहरा है कि हर कमरे में पानी से भरी बाल्टियां रखी गई हैं, नगर पालिका ने भी एहतियात के तौर पर पानी का टैंकर तैनात कर दिया है ताकि अगर फिर आग भड़के तो उसे तुरंत बुझाया जा सके। समय जैसे जैसे गुजर रहा है रहस्य उतना ही गहराता जा रहा है और उतनी ही बढ़ती जा रही हैं तरह-तरह की चर्चाएं। परिवार का यह भी दावा है कि जब जला हुआ सामान बचाने के लिए पड़ोसी की दुकान में रखा गया तो वहां भी अचानक आग लग गई।
पूजा-पाठ भी कराया जा रहा
परिवार के कुछ लोगों का कहना है कि उनके कुलदेवता नाराज हैं, कुछ इसे किसी अदृश्य शक्ति का असर मान रहे हैं। यही वजह है कि पूजा-पाठ भी कराया जा रहा है। नींबू, हंसिया और दूसरे पारंपरिक उपाय किए जा रहे है।तांत्रिक भी बुलाए जा चुके हैं।तांत्रिक आए जरूर लेकिन बड़ी अनहोनी की आशंका जताकर लौट गए। इसे हालात में उनका यह भी कहना है कि अगर इसी तरह आग लगती रही तो उन्हें अपना घर ही नहीं बल्कि पूरा गांव छोड़ना पड़ेगा।
रहस्य को देखने पहुंच रहे आसपास के लोग
पुलिस और प्रशासन ने मौके का निरीक्षण किया लेकिन अब तक आग लगने की वजह सामने नहीं आई। थाना प्रभारी का कहना है कि थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है फिर भी एहतियात के तौर पर निगरानी रखी जा रही है ताकि कोई बड़ी घटना न हो। घर में लग रही रहस्मयी आग की चर्चा के चलते आसपास के गांवों से लोग इस रहस्य को अपनी आंखों से देखने पहुंच रहे हैं।
कोई वैज्ञानिक कारण या किसी की शरारत
आंतरी के वार्ड नंबर छह में रहने वाले कल्लू, कामता, महेंद्र, धर्मेंद्र और प्रमोद के परिवार आज एक ही सवाल पूछ रहे हैं, आखिर कब रुकेगा ये सिलसिला…? फिलहाल रहस्य बरकरार है…की क्या इन घटनाओं के पीछे कोई वैज्ञानिक कारण है या किसी की शरारत… या फिर कुछ और…?इस सवाल का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
टाइगर रिजर्व में ‘पोहा-खिलाना पड़ा भारी’: सांभर के बच्चे को नाश्ते के आरोप में SDO नपे, वीडियो वायरल होने के बाद सस्पेंड
मुहर्रम जुलूस में स्टंट पड़ा भारीः युवक के मुंह और गले के अंदर फैली आग, हालत गंभीर, वीडियो वायरल
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

