Donald Trump on Ali Khamenei Funeral: अमेरिकी-इजरायली हमलों में मारे गए ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की शुरुआत आज यानी 3 जुलाई से हो गई है। खामनेई का अंतिम संस्कार कार्यक्रम एक सप्ताह तक चलेगा। अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों में 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। वहीं अली खामेनेई के अंतिम संस्कार पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तंज कसा है। अली खामेनेई के सप्ताहभर चलने वाले अंतिम संस्कार पर डोनाल्ड ट्रंप ने तंज कसते हुए कहा कि अमेरिका ने अंतिम संस्कार के लिए ईरान को एक हफ्ते का समय दिया क्योंकि अमेरिका अच्छा है।
अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता वर्ष समारोह के तहत साउथ डकोटा के माउंट रशमोर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने मेरिका-ईरान युद्ध पर कहा कि हमने ईरान को पूरी तरह झकझोर दिया। अब वे समझौता करने के लिए बेताब हैं। हमने उन्हें अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की छुट्टी दी क्योंकि हम अच्छे हैं।
बता दें कि ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के 4 महीने बाद अंतिम विदाई की रस्में शुरू हो गई हैं। इस्लामी परंपरा के अनुसार किसी व्यक्ति को 24 घंटे के भीतर दफनाया जाता है। हालांकि युद्ध और सुरक्षा कारणों से खामेनेई का अंतिम संस्कार टाल दिया गया था। अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों में भारत, रूस, चीन, पाकिस्तान समेत 100 से ज्यादा देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। पाकिस्तान, इराक, आर्मेनिया, ताजिकिस्तान, जॉर्जिया जैसे देशों के टॉप लीडर्स समारोह में पहुंचे हैं। जबकि रूस, चीन, भारत और तुर्किये जैसे देशों के टॉप लीडर्स ने इससे दूरी बरती है।
अली खामेनेई को श्रदांजलि देने पहुंचे कई देशों के प्रतिनिधि
- इराक के राष्ट्रपति निजार अमीदी
- जॉर्जिया के राष्ट्रपति मिखाइल कावेलाशविली
- ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमान
- तुर्की के उप राष्ट्रपति केवडेट यिलमाज
- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ
- पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल असीम मुनीर
- लेबनान के रक्षा मंत्री माइकल मेनासा
- अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी
- सऊदी अरब के उप विदेश मंत्री वलीद अल-खिरेजी
- रूसी सिक्योरिटी काउंसिल के डेप्युटी चेयरमैन दिमित्री मेदवेदेव
- ओमान की स्टेट काउंसिल के चेयरमैन अब्दुलमलिक बिन अब्दुल्लाह अल खलीली
- कतर की शुरा काउंसिल के स्पीकर हसन बिन अब्दुल्लाह अल गनीम
- हिजबुल्ला अधिकारी और पूर्व लेबनानी मंत्री महमूद कोमाती
- बुर्किना फासो के विदेश मंत्री कारामोको जीन-मैरी ट्राओर
- म्यांमार के विदेश दूत तिन अमसान
- श्रीलंका की संसद के स्पीकर जगत विक्रमरत्ने
खामेनेई के अंतिम संस्कार जुलूस के लिए बगदाद रहेगा बंद
अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के जुलूस के लिए इराक की राजधानी बगदाद में बंद घोषित किया गया है। ईरान की अर्ध सरकारी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज ने बताया कि बगदाद के गवर्नर अतवान अल-अतवानी ने बंद की घोषणा की है। ईरान के दिवंगत नेता के अंतिम संस्कार के लिए एक सप्ताह तक चलने वाला कार्यक्रम हो रहा है। इस दौरान अली खामेनेई के अंतिम संस्कार का जुलूस ईरान के साथ ही इराक के भी कई शहरों से जाएगा।
28 फरवरी को हमले में हुई थी मौत
बता दें कि ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत 28 फरवरी 2026 को अमेरिका-इजराइल के हमले में हुई थी। अली खामेनेई का उनकी मौत के चार महीने बाद अंतिम संस्कार किया जा रहा है। 3 जुलाई से 9 जुलाई तक उनके जनाजे को ईरान और इराक के कई शहरों में ले जाया जाएगा। इसके बाद उनको दफनाया जाएगा। अली खामेनेई की 28 फरवरी को तेहरान पर अमेरिका-इजरायल के हमलों में मौत हो गई थी। इसके बाद छिड़े युद्ध के कारण उनके अंतिम संस्कार में देरी हुई। अब ईरान सरकार बहुत बड़े पैमाने पर अपने सुप्रीम नेता को विदाई दे रही है।
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

