भोपाल। मध्य प्रदेश में इस्लाम के आखरी पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब की आमद का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर अलग अलग जिलों में मुस्लिम समाज ने विशाल जुलूस निकाला। जिसमें हजारों की संख्या में समाजजन मौजूद रहे। इस जुलूस में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल है। रंग बिरंगी पोशाकें पहने हाथों में झंडा लिए जश्न मनाते नजर आए।
खंडवा में ‘जुलूस ए मोहम्मदी’ की धूम
इमरान खान, खंडवा। खंडवा में ईद मिलाद धूमधाम से मनाया गया। सुबह 9 बजे इमलीपुरा चौराहे से मिलादुन्नबी पर्व का विशाल जुलूस निकला, जो बड़ाबम्ब, बॉम्बे बाजार, घंटाघर, टाउन हॉल से जलेबी चौक होता हुआ वापस इमलीपुरा पहुंचा। नाते शरीफ पड़ते हुए लोग जुलूस में चलते रहे फिर जुलूस का समापन वापस इमलीपुरा में हुआ। जुलूस शहर काजी और समाज के वरिष्ठजनों के सान्निध्य में निकला। जुलूस में युवा हाथों में इस्लामी झंडे लहराते और नारे लगाते शामिल हुए। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे समय पुलिस सड़कों पर मौजूद रही है।

धार में भी दिखा उत्साह
रेणु अग्रवाल, धार। जिले में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज ने विशाल जुलूस निकाला। जिसमें बुजुर्ग, युवा और बच्चे समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस मार्ग पर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के शान में नात ए पाक पेश की गई। समाजजनों ने एक दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। कई स्थानों पर धर्मगुरु और वरिष्ठजनों का पुष्प माला पहनाकर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। यह जुलूस धार शहर के प्रमुख मार्गों से निकला। जिसमें विभिन्न मस्जिदों के सदर धर्मगुरु और समाज के वरिष्ठजन मौजूद रहे। ईद मिलादुन्नबी मुस्लिम समाज के लिए खुशी और उत्साह का महत्वपूर्ण अवसर होता है। वहीं जुलूस को लेकर धार जिला प्रशासन-पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कलेक्टर, एसपी, एएसपी, सीएसपी, एसडीएम सहित अधिकारी नजर बनाए थे, ताकि शांति से त्यौहार मना सके।

सीधी में भी निकाला गया जुलूस
अमित पांडेय, सीधी। ईद मिलादुन्नबी को लेकर शहर में जुलूस निकाला गया। जिसमें भारी संख्या में मुस्लिम वर्ग के लोग शामिल हुए। इस दौरान कई झांकियां दिखाई दी, जो आकर्षण का केंद्र रही। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह- जगह पुलिस बल तैनात रहा। यह जुलूस पूरे शहर के भ्रमण करने के बाद मस्जिद के पास समाप्त हुआ।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


