सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को अब अपने सपनों की उड़ान के लिए बड़े शहरों तक सीमित रहने की जरूरत नहीं है. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से निकलने वाले युवा खिलाड़ियों को एक साझा मंच देने की दिशा में यूपी टी-20 लीग अहम भूमिका निभा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के विशेष सीजन का शुभारंभ करते हुए कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें अवसर और बेहतर मंच देने की है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 के जरिए काशी से मेरठ और पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक क्रिकेट प्रतिभाएं एक मंच पर आ रही हैं. इस विशेष सीजन में काशी रुद्रा, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर और नोएडा की छह टीमें हिस्सा ले रही हैं. उन्होंने कहा कि छह टीमों को मैदान पर उतरते देखना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है.
इसे भी पढ़ें : ‘खाकी का सितारा’ से गूंजा पुलिस का शौर्य, योगी ने किया यूपी पुलिस के एंथम का शुभारंभ
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खेल किसी खिलाड़ी की प्रतिभा को पहचान दिलाने के साथ उसके व्यक्तित्व का भी निर्माण करता है. क्रिकेट जैसे टीम गेम युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं. यूपी टी-20 प्रदेश के युवाओं को इसी सकारात्मक वातावरण से जोड़ने का माध्यम बन रहा है. उन्होंने कहा कि इस लीग का लाभ केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है. कोच, मेंटर, सपोर्टिंग स्टाफ और स्टेडियम से जुड़े लोगों को भी अपनी क्षमता दिखाने और अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है. इससे प्रदेश में खेलों का पूरा इकोसिस्टम मजबूत होगा.
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सितारों की राह होगी आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब स्थानीय और युवा खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलता है तो उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है. बेहतर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धी माहौल के जरिए आने वाले समय में उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं. उन्होंने अपने उस प्रयास का भी उल्लेख किया, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के दौरान उन्होंने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के सामने प्रदेश में क्रिकेट के अवसर बढ़ाने की बात रखी थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यूपी की छह टीमें इस विशेष सीजन में हिस्सा ले रही हैं, यह देखकर खुशी होती है.
इसे भी पढ़ें : अस्पताल खुद आएगा घरः यूपी के गांव-गांव में पहुंचेगी मोबाइल हेल्थ यूनिट, विशेषज्ञों की निगरानी में मिलेगा लोगों को इलाज
फिट युवा, मजबूत भारत
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ और फिट युवा ही मजबूत भारत की आधारशिला रखेंगे. खेल युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ उन्हें मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है. यूपी टी-20 जैसे आयोजनों से युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और अपने हुनर को बड़े मंच पर साबित करने का अवसर मिलता है. आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुरू हुई लीग को मुख्यमंत्री ने विशेष अवसर बताते हुए खिलाड़ियों, टीमों, कोचिंग स्टाफ और क्रिकेट प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं.


