Bihar Crime: बिहार के गयाजी में एक बुजुर्ग को ओझा बताकर उसकी पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कल बुधवार की रात बुजुर्ग के घर में दर्जनों की संख्या में घुसे लोग, जो नशे में धुत थे। उन्होंने बुजुर्ग को घसीटकर घर से बाहर निकाला और पीट-पीटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।हत्या को घटना का रूप देने के लिए सभी बदमाश बुजुर्ग के शव को घर से दूर ले जाकर उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इतना ही नहीं उन्होंने बुजुर्ग के दोनों हाथ भी काट दिए, जिससे यह रेल हादसा प्रतित हो।
शव से 500 मीटर दूर मिले कटे हाथ
पूरी घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सोहैपुर पंचायत के बंधुआ गांव की बताई जा रही है। वहीं, मृतक बुजुर्ग की पहचान शांति नगर टोला के रहने वाले राजेंद्र मांझी (62) के रूप में हुई है। घटना की सचूना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को रैलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में बुजुर्ग का शव मिला। वहीं, शव से 500 मीटर की दूरी पर बुजुर्ग के कटे हुए दोनों हाथ मिले। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
पोती अनुष्का ने बताया आंखों देखा हाल
मृतक राजेंद्र मांझी की पोती अनुष्का कुमारी ने बताया कि, रात 11 बजे के आसपास कुछ लोग शराब के नशे में घुसे और जादू टोना का आरोप लगाते हुए दादा के साथ मारपीट करने लगे। अनुष्का ने बताया कि गांव के ही टुनटुन मांझी सबसे पहले आया और बाद में उसके परिवार के लोग आए और मारपीट करने लगे। उनलोगों ने दादा को बुरी तरह से पीटा जिससे उनकी मौत हो गई और वह कुछ भी नहीं कर पाई।
गांव वालों ने नहीं की मदद
अनुष्का ने बताया की हमलावरों ने घर से दूर ले जाकर दादा के दोनों हाथ काट दिए और उनके शव को ले जाकर रेलवे पटरी पर फेंक दिया। उसने यह भी बताया कि जिस समय उनके दादा की पिटाई हो रही थी। उस समय उनका पूरा परिवार रो और चिल्ला रहा था, लेकिन गांव वालों में से किसी ने भी मदद नहीं की। उसने हमलावरों का नाम गिनाते हुए कहा कि, हमला करने वालों में लवकुश कुमार, रोमांती देवी, महेश कुमार, शोभा देवी, टुनटुन मांझी और गुड्डू मांझी शामिल थे।
हमलावरों के परिवार में हुई थी बच्चे की मौत
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस परिवार ने राजेंद्र मांझी पर हमला किया था, उनके परिवार में से एक बच्चे की मौत हो गई थी। उन लोगों का आरोप है कि राजेंद्र मांझी ने जादू-टोना किया है, जिससे उसकी मौत हो गई है। इसी बात से नाराज होकर उन लोगों ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार
घटना के संबंध में DSP सुनील कुमार पांडे ने बताया कि, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने घटना का पता चलने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेंद्र मांझी और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: रंगदारी नहीं देने पर जमीन कारोबारी की हत्या, अपराधियों ने सिर में मारी 7 गोलियां

