सुमन राजपूत, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के असंध थाना क्षेत्र में गुरुवार को करंट लगने से दो अलग-अलग हादसों में एक बुजुर्ग और एक युवक की मौत हो गई। दोनों घटनाएं खेतों में स्थित ट्यूबवेल के पास हुईं। हादसों के बाद दोनों गांवों में शोक की लहर फैल गई।

राहड़ा गांव में 63 वर्षीय किसान की मौत

पहली घटना राहड़ा गांव की है। यहां 63 वर्षीय नंदलाल उर्फ नंदा सुबह अपने खेत में काम करने गए थे। परिजनों के अनुसार, जैसे ही वह ट्यूबवेल के पास पहुंचे, अचानक करंट की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें जमीन पर गिरा देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी।परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

लालैन गांव में 20 वर्षीय युवक की गई जान

दूसरी घटना लालैन गांव में हुई, जहां 20 वर्षीय सौरव खेत में काम करने गया था। बताया जा रहा है कि वह ट्यूबवेल पर पानी पी रहा था, तभी अचानक उसमें करंट दौड़ गया और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सौरव दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस ने शुरू की जांच

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही असंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्यूबवेल में करंट कैसे आया। यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

लापरवाही पड़ सकती है भारी

लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे खेतों में लगे बिजली उपकरणों और ट्यूबवेल की नियमित जांच व सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित करते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में बिजली से जुड़े उपकरणों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।