कुमार इंदर, जबलपुर। अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की शनिवार को जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह फैसला फ्लाइट में सवार एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद लिया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान यात्री ने दम तोड़ दिया।
रास्ते में अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, मृतक यात्री की पहचान रांची निवासी सुधीर कुमार के रूप में हुई है। सुधीर कुमार अपने फेफड़ों (लंग्स) का इलाज कराने के लिए अपनी बहन के साथ अहमदाबाद गए थे। इलाज के बाद दोनों इंडिगो की फ्लाइट (एयरबस 320) से वापस रांची लौट रहे थे। इसी दौरान आसमान में उड़ान भरते समय सुधीर की तबीयत अचानक बेहद खराब हो गई।
MP में आग उगल रहा सूरज: 42 जिलों में लू का अलर्ट, नौतपा से पहले ही हाल बेहाल
पायलट ने एटीसी से किया संपर्क
यात्री की गंभीर स्थिति को देखते हुए फ्लाइट के पायलट ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी के तहत लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलते ही फ्लाइट को नजदीकी जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड कराया गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
फ्लाइट की लैंडिंग के तुरंत बाद बीमार यात्री सुधीर कुमार को एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

