रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के ओवरटाइम भुगतान घोटाला मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो ने मामले में आरोपी अनवर ढेबर के सहयोगियों से जुड़े तीन ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की। इस दौरान घोटाले से अर्जित अवैध रकम को नामी और बेनामी संपत्तियों में निवेश किए जाने से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य जब्त किए गए।

EOW एवं एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 44/2024 के तहत यह कार्रवाई की गई है। प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की संबंधित धाराओं के साथ भारतीय दंड संहिता की धारा 467, 468, 471 और 120बी के तहत अपराध दर्ज है।

ब्यूरो के मुताबिक, सर्च के दौरान मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अनवर ढेबर के सहयोगियों एवं मामले से जुड़े संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित घोटाले से अर्जित रकम को किन माध्यमों से संपत्तियों में निवेश किया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल रहे। EOW ने कहा है कि मामले में लगातार कार्रवाई जारी है और प्रकरण की विवेचना अभी चल रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m