राजधानी दिल्ली के जैतपुर इलाके से दहेज उत्पीड़न का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल वालों की लगातार प्रताड़ना, मारपीट और पैसों की मांग से परेशान होकर 23 वर्षीय विवाहिता रौशनी ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शादी में दिया था नकद और सोना
मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर की रहने वाली रौशनी की शादी 21 नवंबर 2023 को दिल्ली निवासी विकास कुमार झा से हुई थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर शादी में दहेज दिया था। दूल्हे को 2.5 लाख रुपये नकद और 5 तोला सोना समेत अन्य उपहार भी दिए गए थे। शादी के बाद रौशनी अपने पति के साथ दिल्ली में रहने लगी।
शुरुआत में सब ठीक, फिर शुरू हुआ उत्पीड़न
परिवार के अनुसार, शादी के शुरुआती डेढ़ साल तक सब कुछ सामान्य रहा। इस दौरान रौशनी ने एक बेटे को भी जन्म दिया। लेकिन समय बीतने के साथ पति और सास का व्यवहार बदलने लगा। आरोप है कि रौशनी पर लगातार अतिरिक्त पैसों की मांग का दबाव बनाया जाने लगा और छोटी-छोटी बातों पर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
‘बेटी को बचाने के लिए बार-बार भेजे पैसे’
रौशनी के पिता राम चंद्र झा का कहना है कि बेटी की परेशानी को देखते हुए उन्होंने कई बार अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार ससुराल वालों की मदद की। इसके बावजूद उनकी मांगें खत्म नहीं हुईं और रौशनी पर अत्याचार लगातार बढ़ता गया।
शराब के नशे में करता था मारपीट
परिजनों ने आरोप लगाया है कि विकास कुमार झा अक्सर शराब पीकर घर लौटता था और रौशनी के साथ बेरहमी से मारपीट करता था। एक बार उसने अपनी मां के कैंसर इलाज का हवाला देकर पैसों की मांग की थी, जिसे परिवार ने किसी तरह पूरा भी किया। बाद में रौशनी को पति के कथित प्रेम संबंधों की जानकारी मिली। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ फिर मारपीट की गई।
माफी मांगकर घर लाया, अगले दिन मिली मौत की खबर
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर रौशनी कुछ समय के लिए अपने रिश्तेदारों के साथ चली गई थी। बाद में पति ने माफी मांगकर उसे वापस घर ले आया और भविष्य में ऐसा व्यवहार न करने का भरोसा दिया। लेकिन यह वादा महज एक दिन भी नहीं टिक सका। 29 मई को रौशनी के परिवार को सूचना मिली कि वह अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली है। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दहेज हत्या का केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रौशनी के परिजन दिल्ली पहुंचे और जैतपुर थाने में पति, सास समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या, उत्पीड़न और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। रौशनी की मौत ने एक बार फिर दहेज जैसी सामाजिक कुरीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसने एक मासूम बच्चे से उसकी मां और एक परिवार से उसकी बेटी छीन ली।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

