उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश पुलिस ने साइबर अपराध की पड़ताल में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बेरोजगार युवाओं और आम लोगों के नाम पर फर्जी फर्म और म्यूल बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है।
पुलिस के मुताबिक, जांच में अब तक 16 से अधिक फर्जी फर्मों का खुलासा हुआ है, जिनसे जुड़े बैंक खातों में शुरुआती जांच के दौरान 5 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जांच में सामने आया कि बेरोजगार और सामान्य लोगों को पैसों का लालच देकर उनके दस्तावेज हासिल किए जाते थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर फर्जी फर्म तैयार कर निजी बैंकों में खाते खुलवाए जाते और इन खातों का इस्तेमाल संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के लिए किया जाता था। अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच के लिए एसआईटी यानी विशेष जांच दल का गठन किया जाएगा।
पुलिस का प्रयास है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस नेटवर्क के मुख्य सरगना और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने साफ किया है कि जांच अभी जारी है और आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


