झाबुआ। मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के राणापुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। छुट्टियां मनाने के लिए परिवार के 22 सदस्यों के साथ नैनीताल गए सोनी परिवार की खुशियां एक दर्दनाक हादसे ने छीन लीं। परिवार के इकलौते बेटे तीन वर्षीय गौरांश की होटल में हुए हादसे के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को उसका पार्थिव शरीर राणापुर लाया जा रहा है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।

सोनी परिवार 1 जुलाई को नैनीताल घूमने निकला था

जानकारी के अनुसार, सोनी परिवार 1 जुलाई को नैनीताल घूमने निकला था। रविवार सुबह गौरांश होटल के कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान वह तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे गिर गया। हादसे में उसके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तुरंत स्थानीय बीडी पांडे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया।

दिल्ली ले जाते समय रास्ते में थमी धड़कन

हल्द्वानी में सीटी स्कैन और अन्य जांचों में सिर की हड्डी तथा गर्दन में गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। बच्चे की हालत लगातार नाजुक बनी रहने पर चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल भेजने की सलाह दी। परिजनों के मुताबिक, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में उसकी धड़कनें थम गई थीं, हालांकि डॉक्टरों ने उसे दोबारा रिवाइव कर अस्पताल में भर्ती कर लिया। इसके बावजूद गंभीर चोटों के चलते उसे बचाया नहीं जा सका।

 शादी के चार साल बाद गौरांश का हुआ था जन्म   

बताया जा रहा है कि विशाल और सुरभि सोनी की शादी के करीब चार साल बाद गौरांश का जन्म हुआ था। वह परिवार का इकलौता बेटा और दादा अनिल सोनी का बेहद लाड़ला था। नैनीताल यात्रा के बाद पूरा परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाने की तैयारी में था, लेकिन इस हादसे ने पूरी यात्रा को मातम में बदल दिया। गौरांश के निधन की खबर मिलते ही राणापुर में शोक का माहौल फैल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m