फरीदाबाद। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के कैल गांव में 31 वर्षीय श्रेया सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने के बाद पति रामेंद्र उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, एनआईटी-3 की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
रात में पति से हुई थी फोन पर बात
श्रेया मूल रूप से बिहार के छपरा जिले की रहने वाली थी। वर्ष 2017 में उसकी शादी रामेंद्र से हुई थी। वह पति और पांच वर्षीय बेटी के साथ कैल गांव में रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच श्रेया की पति से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। रामेंद्र के मुताबिक, बातचीत के बाद उसने पत्नी से कहा था कि वह घर लौट रहा है।
रात 3 बजे बेसुध मिली श्रेया
रामेंद्र के अनुसार, वह रात करीब 3 बजे घर पहुंचा। उस समय श्रेया बेड पर बेसुध हालत में पड़ी थी। उसकी आवाज भी काफी धीमी थी। पति ने जब उससे पूछा तो उसने बताया कि उसने कुछ खा लिया है।
इसके बाद रामेंद्र श्रेया को बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां से डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। बाद में उसे सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान कुछ घंटे बाद श्रेया की मौत हो गई।
पांच साल की बेटी को छोड़ गई
श्रेया की मौत के बाद अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पति रामेंद्र उसके शव के पैरों के पास बैठकर फूट-फूटकर रोता रहा। श्रेया की पांच साल की बेटी है। उसका जन्मदिन करीब एक महीने बाद आने वाला है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सेक्टर-58 थाना पुलिस के ASI कृष्ण कुमार ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


