सुशीला देवी, गुरुग्राम। साइबर पुलिस ने फेसबुक पर विदेशी महिला बनकर लोगों को ठगने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को यूनाइटेड किंगडम (यूके) की महिला बताकर लोगों से दोस्ती करते थे और फिर उन्हें महंगे तोहफे या भारत आने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे।

ऐसे चलता था ठगी का खेल
मामला 29 अप्रैल 2026 का है। मानेसर साइबर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित को फेसबुक पर ‘Kathlin’ नाम की एक महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। दोस्ती गहरी हुई तो बातचीत व्हाट्सएप पर शुरू हो गई। कुछ दिनों बाद आरोपी ने पीड़ित से कहा कि वह भारत आ रही है। इसके बाद पीड़ित को मुंबई एयरपोर्ट के कस्टम अधिकारी बनकर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि महिला के पास पैसे खत्म हो गए हैं और कस्टम प्रक्रिया पूरी करने के लिए रुपये जमा करने होंगे। झांसे में आए पीड़ित ने अलग-अलग खातों में कुल 63,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
दिल्ली से पकड़े गए नाइजीरियन ठग
जांच के दौरान गुरुग्राम साइबर पुलिस ने 7 जुलाई को दिल्ली के जवाहर पार्क इलाके से दो नाइजीरियाई नागरिकों, केल्विन ओगबु और किंग्सले ओजोबो को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये दोनों बिजनेस वीजा पर भारत आए थे और इससे पहले भी देश में रह चुके हैं। आरोपी केल्विन ओगबु के खिलाफ 2024 में दिल्ली में फॉरेनर्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस की लोगों से अपील
फिलहाल दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन ठगों ने अब तक कितने और लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करते समय सतर्क रहें और किसी भी तरह के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
- Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
- https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

