० यमुनानगर में बाइक यात्रा निकालकर पहुंचे किसान, नायब तहसीलदार ने मानी चूक, पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

परवेज खान,यमुनानगर। अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर यमुनानगर में सभी किसान संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बाइक यात्रा निकालकर छछरौली तहसील पहुंचे किसानों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा, जब ज्ञापन लेने के लिए न तो एसडीएम पहुंचे और न ही तहसीलदार। नाराज़ किसानों ने इसे ‘अन्नदाता का अपमान’ बताते हुए तहसील गेट पर कपड़ा बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बाइक यात्रा के साथ तहसील पहुंचे किसान

जिले के विभिन्न किसान संगठनों के कार्यकर्ता अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बाइक रैली निकालते हुए छछरौली तहसील पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम तय था, लेकिन निर्धारित समय पर कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद नहीं मिला।

‘अन्नदाता का अपमान’ बताकर गेट किया बंद

एसडीएम और तहसीलदार के नहीं पहुंचने से नाराज़ किसानों ने तहसील परिसर के मुख्य गेट पर कपड़ा बांधकर सांकेतिक रूप से बंद कर दिया। इस दौरान “एसडीएम मुर्दाबाद” और “तहसीलदार मुर्दाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि किसान लंबी दूरी तय कर अपनी मांगों को लेकर पहुंचे थे, लेकिन प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। उनके मुताबिक यह केवल किसानों का ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का भी अपमान है।

आधे घंटे बाद पहुंचे नायब तहसीलदार

करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद नायब तहसीलदार आनंद रावल मौके पर पहुंचे। किसानों ने प्रशासन के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। इस पर नायब तहसीलदार ने अधिकारियों के समय पर नहीं पहुंचने को प्रशासनिक चूक मानते हुए गलती स्वीकार की।

उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं बनेगी और अगली बार संबंधित अधिकारी निर्धारित समय से पहले ही मौके पर मौजूद रहेंगे।

आश्वासन के बाद सौंपा ज्ञापन

नायब तहसीलदार के आश्वासन और चूक स्वीकार करने के बाद किसानों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद किसान नेताओं ने प्रधानमंत्री के नाम अपना ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर प्रदर्शन समाप्त किया।