फतेहपुर. फतेहपुर जिले की खागा तहसील से राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लेखपाल का कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में लेखपाल एक व्यक्ति से 500-500 रुपये के नोट लेते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
इसे भी पढ़ें- यूपी में मौसम का महाअलर्ट! सीएम योगी का बड़ा आदेश- 24 घंटे में मिलेगा मुआवजा, इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा
जमीन के मामले में रिश्वत लेने का आरोप
जानकारी के अनुसार, मामला खागा तहसील क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौती गांव का बताया जा रहा है. आरोप है कि संबंधित लेखपाल विवादित भूमि पर मकान निर्माण की अनुमति दिलाने और राजस्व अभिलेखों में कथित हेरफेर करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था. वायरल वीडियो में वह एक व्यक्ति से नकदी लेते हुए नजर आ रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है.
ग्रामीण बोले- पहले भी मिल चुकी थीं शिकायतें
स्थानीय लोगों का दावा है कि संबंधित लेखपाल की कार्यशैली को लेकर पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता था. वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में नाराजगी बढ़ गई है और लोगों ने दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें- क्रिकेट फैंस तैयार हो जाइए! 14 अगस्त से यूपी में शुरू होगा क्रिकेट महाकुंभ, ड्रोन शो और स्टार परफॉर्मेंस के टिकट हुए लॉन्च
प्रशासन ने जांच के दिए आदेश, कार्रवाई की तैयारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने वायरल वीडियो की जांच शुरू करा दी है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में वीडियो और आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लेखपाल के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उत्तर प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की बात करती रही है, ऐसे में इस मामले पर प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं.


