उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश, आकाशीय बिजली और जलभराव की घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों से कहा है कि वे स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करें. साथ ही यह सुनिश्चित करें कि प्रभावित परिवारों तक हरसंभव सहायता समय पर पहुंचे.

इसे भी पढ़ें- ‘पेपर लीक में भाजपाई शामिल!’ अखिलेश यादव के बड़े आरोप, बोले- सरकार युवाओं को नौकरी नहीं देना चाहती

24 घंटे के भीतर राहत राशि देने का आदेश

मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि अतिवृष्टि, वज्रपात और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से हुई जनहानि, पशुहानि तथा आर्थिक नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए. उन्होंने कहा कि पात्र प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर अनुमन्य राहत राशि उपलब्ध कराई जाए. अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखें और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.

प्रदेशवासियों से सतर्क रहने की अपील

सीएम योगी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है. उन्होंने सलाह दी कि आकाशीय बिजली की आशंका होने पर खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें. साथ ही नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों में स्नान या अनावश्यक आवाजाही से भी परहेज करने को कहा है. सरकार ने लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.

कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कासगंज, एटा, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर, बाराबंकी, अयोध्या, कानपुर देहात, सहारनपुर, आगरा और मुरादाबाद सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट है.

इसे भी पढ़ें- छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़की कांग्रेस! अजय राय बोले- मोदी सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है

वहीं लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, मेरठ और झांसी समेत अनेक जिलों में येलो वार्निंग जारी की गई है. प्रशासन को हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.