कुलदीप सिंह, फतेहपुर. फतेहपुर जिले के थाना राधानगर पुलिस ने लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने सामाजिक बदनामी के डर से अपनी लिव-इन पार्टनर की गला दबाकर हत्या कर दी और साथियों की मदद से शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर इसे हादसा या आत्महत्या दिखाने की साजिश रची. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है.

इसे भी पढ़ें- UP Weather Today: प्रदेश में बारिश थम गया बारिश का सिलसिला,लोगों को उमस-गर्मी का करना पड़ेगा सामना, जानें कबसे बरसेंगे बदरा…

दो साल से लिव-इन में रह रहे थे दोनों

पुलिस के अनुसार, मृतका पुष्पा (20) करीब दो वर्ष से गंगासागर के साथ राधानगर क्षेत्र में किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. मृतका के पिता महावीर लोधी ने शिकायत दर्ज कराई कि 22 जून के बाद बेटी से संपर्क नहीं हो सका. बाद में बीबीपुर रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात महिला के शव की तस्वीर देखकर उन्होंने अपनी बेटी की पहचान की, जिसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया.

सामाजिक दबाव बना हत्या की वजह

पूछताछ में मुख्य आरोपी गंगासागर ने पुलिस को बताया कि लिव-इन संबंधों को लेकर परिवार और रिश्तेदार लगातार विरोध कर रहे थे. इससे वह मानसिक और सामाजिक दबाव महसूस कर रहा था. इसी कारण उसने 28 जून को पुष्पा की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद बेटे राजकुमार, रिश्तेदार लवलेश और साथी शिवनारायण की मदद से शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया.

गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस को किया गुमराह

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद खुद मुख्य आरोपी ने 19 जुलाई को मृतका की गुमशुदगी दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, ताकि किसी को उस पर शक न हो. हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया.

इसे भी पढ़ें- अपराधियों की खैर नहीं! प्रदेश की जेलों में फॉरेंसिक तकनीक का बढ़ेगा इस्तेमाल, कारागार विभाग और फॉरेंसिक संस्थान के बीच हुआ समझौता

तीन गिरफ्तार, एक आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में राधानगर पुलिस ने गंगासागर, राजकुमार और लवलेश को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया. घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है. वहीं, शव को ठिकाने लगाने में शामिल शिवनारायण की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है.