FIFA World Cup 2026 Final को लेकर दुनिया भर में जबरदस्त उत्साह है और भारत भी इससे अछूता नहीं है। खासकर पूर्वोत्तर राज्यों और केरल में फुटबॉल के प्रति दीवानगी को देखते हुए कई राज्य सरकारों ने छात्रों और खेल प्रेमियों के लिए विशेष फैसले लिए हैं। 20 जुलाई 2026 को तड़के 12:30 बजे खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में गत विजेता अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा।

मणिपुर में सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद

मणिपुर शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार, राज्यपाल के निर्देश पर 20 जुलाई को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, उच्चतर माध्यमिक शिक्षा परिषद, CBSE और अन्य बोर्डों से संबद्ध सभी स्कूल, सरकारी, अनुदानित एवं निजी कॉलेज, विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। सरकार का उद्देश्य छात्रों को बिना किसी शैक्षणिक दबाव के विश्व कप फाइनल का आनंद लेने का अवसर देना है।

मेघालय सरकार का बड़ा फैसला

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने भी सोमवार को राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश की घोषणा की है। राज्य में शिलांग, जोवाई और तुरा में बनाए गए CM Fan Parks में मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जहां फुटबॉल प्रेमियों के भारी संख्या में पहुंचने की उम्मीद है।

केरल में भी स्कूलों की छुट्टी

फुटबॉल के गढ़ माने जाने वाले केरल में सामान्य शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, “बच्चों, अब खुश हो?” उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है ताकि वे विश्व कप फाइनल का आनंद ले सकें।

पश्चिम बंगाल में हर जिले में होगी लाइव स्क्रीनिंग

पश्चिम बंगाल सरकार ने भी फाइनल के लिए विशेष व्यवस्था की है। राज्य के सभी जिलों में बड़े LED स्क्रीन पर मैच का लाइव प्रसारण किया जाएगा। जिला प्रशासन को सार्वजनिक स्थानों पर स्क्रीनिंग आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं और प्रत्येक जिले को इस आयोजन के लिए 1 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m