जम्मू-कश्मीर में बीते 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश की वजह से मौसम तेजी से खराब हो रहा है, जिसकी वजह से  बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. राजौरी में मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ में बड़ी संख्या में गाड़ियां पानी में बह गई. बाढ़ के कारण शहर के कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक यहां बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है.

राजौरी जिले में जारी भारी बारिश की वजह से धरहाल नदी में पानी बढ़ गया। इसकी वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया. रिहायशी इलाकों में पानी घुसने से लोगों को भारी नुकसान हुआ है.

जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश की वजह से मची तबाही के कारण दिल दहला देने वाली यह तस्वीरें नजर आयी है. राजौरी जिले में भारी बारिश और बादल फटने के कारण घरों, दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस दौरान सैकड़ों वाहन मलबे और कीचड़ के नीचे दब गए.

राजौरी जिले में झमाझम बारिश जारी होने के कारण धरहल नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके बाद यहां 200 या 250 से ज्यादा गाड़ियां बाढ़ के पानी में बह गई हैं.  जिले में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद नदियों और नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है.

फिलहाल हर जगह पर पानी भरा हुआ दिख रहा है, यहां तक कि बस स्टैंड का तो कोई नामो-निशान भी नहीं बचा है. दो मकान पूरी तरह ढह गए हैं, वहीं बेला बस स्टैंड का निचला इलाका पूरी तरह जलमग्न हो गया.

स्थानीय लोगों के अनुसार बाढ़ का पानी शहर के कई रिहायशी इलाकों में भी घुस गया, जिससे घरों में रखा सामान खराब हो गया और लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ. कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि तेज बहाव के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m