FIFA World Cup 2026: दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आगाज गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात से होने जा रहा है। ओपनिंग मैच में मेजबान देशों में शामिल मेक्सिको की टीम अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ अभियान की शुरुआत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टूर्नामेंट के पहले दिन ग्रुप-ए के दो मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें फुटबॉल प्रशंसकों को रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।

बता दें कि टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच रात 12:30 बजे शुरू होगा। वहीं पहले दिन का दूसरा मुकाबला दक्षिण कोरिया और चेक रिपब्लिक के बीच ग्वाडलाहारा स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच 12 जून को सुबह 7:30 बजे से शुरू होगा।
मेक्सिको का पलड़ा भारी

मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच अब तक कुल चार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें मेक्सिको ने दो मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि दक्षिण अफ्रीका को एक मुकाबले में सफलता मिली। एक मैच ड्रॉ रहा है। FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमें केवल एक बार आमने-सामने आई हैं। वर्ष 2010 में खेला गया वह मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ था।
विश्व फुटबॉल रैंकिंग में भी मेक्सिको की स्थिति काफी मजबूत है। मेक्सिको फिलहाल 15वें स्थान पर काबिज है, जबकि दक्षिण अफ्रीका 60वें नंबर पर मौजूद है। ऐसे में घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए मेक्सिको जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना चाहेगा।

मेजबान टीम को कप्तान एडसन अल्वारेज और अनुभवी स्ट्राइकर राउल हिमेनेज से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम कप्तान रोनवेन विलियम्स के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी। टीम की निगाहें स्ट्राइकर लाइल फोस्टर और ओसविन अपोलिस की जोड़ी पर रहेंगी।
मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका की संभावित स्टार्टिंग इलेवन

मेक्सिको: ओचोआ, सांचेज, मोंतेस, अल्वारेज, गाल्यार्दो, गुतिएरेज, फिदाल्गो, पिनेडा, अल्वारादो, हिमेनेज, किन्योनेस।
दक्षिण अफ्रीका: विलियम्स, मुदाउ, म्बोकाजी, ओकोन, मोडिबा, म्बाथा, सिथोले, मोकोएना, अपोलिस, फोस्टर, मोरेमी।
पहली बार वर्ल्ड कप में भिड़ेंगे दक्षिण कोरिया और चेक रिपब्लिक

पहले दिन का दूसरा मुकाबला भी काफी दिलचस्प रहने की उम्मीद है। दक्षिण कोरिया और चेक रिपब्लिक की टीमें FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार आमने-सामने होंगी। हालांकि दोनों देशों के बीच अब तक चार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
विश्व रैंकिंग में दक्षिण कोरिया 25वें स्थान पर है, जबकि चेक रिपब्लिक 41वें पायदान पर मौजूद है। रैंकिंग में अंतर के बावजूद दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
दक्षिण कोरिया की उम्मीदें स्टार फॉरवर्ड ह्युंग-मिन पर टिकी होंगी, जबकि चेक रिपब्लिक की टीम अनुभवी मिडफिल्डर तोमस सूचेक और स्ट्राइकर पैट्रिक शिक के प्रदर्शन पर काफी हद तक निर्भर रहेगी।
इसे भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में दिखेगा नोरा फतेही का जलवा, रचेंगी नया इतिहास
दक्षिण कोरिया और चेक रिपब्लिक की संभावित स्टार्टिंग इलेवन

दक्षिण कोरिया: स्युंग-ग्यू, मिन-जे, हान-बोम, की-ह्युक, यंग-वू, ते-सोक, इन-बोम, स्युंग-हो, कांग-इन, जे-सुंग, ह्युंग-मिन।
चेक रिपब्लिक: कोवार, कूफाल, डूदेरा, होलेश, क्रेजची, जेलेनी, सूचेक, सादिलेक, ह्लोजेक, शुल्त्स, शिक।
पहली बार इतने बड़े स्तर पर होगा FIFA World Cup

FIFA World Cup 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के 16 शहर मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे और पहली बार 48 टीमें विश्व कप में उतरेंगी। ऐसे में फुटबॉल फैंस को इस बार पहले से कहीं ज्यादा मुकाबले, ज्यादा रोमांच और ज्यादा बड़े सितारे देखने को मिलेंगे। 39 दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट का फाइनल 19 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा।
ओपनिंग मुकाबले में मेक्सिको का सामना साउथ अफ्रीका से होगा। खास बात यह है कि एस्टाडियो एज्टेका इससे पहले 1970 और 1986 वर्ल्ड कप के उद्घाटन मैचों की भी मेजबानी कर चुका है। वहीं अमेरिका 12 जून को लॉस एंजेलिस में पराग्वे के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, जबकि कनाडा टोरंटो में अपना पहला मुकाबला खेलेगा।
FIFA World Cup 2026 में भाग लेने वाली सभी 48 टीम और उनके ग्रुप्स

FIFA ने टूर्नामेंट के प्रारूप में किया बदलाव
फीफा ने टीमों की संख्या को देखते हुए इस बार टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह बदल दिया है। 48 टीमों को 12 ग्रुप (A से L) में बांटा गया है और हर ग्रुप में चार-चार टीमें होंगी। प्रत्येक टीम ग्रुप स्टेज में तीन मुकाबले खेलेगी।

इसके बाद नॉकआउट चरण में नया “राउंड ऑफ 32” शामिल किया गया है। इसमें 12 ग्रुप विजेता, 12 रनर-अप और तीसरे स्थान पर रहने वाली 8 सर्वश्रेष्ठ टीमें जगह बनाएंगी। इसके बाद राउंड ऑफ 16, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पूरे टूर्नामेंट में कुल 104 मैच होंगे।
भारत में कहां देख सकते हैं मैच?

भारत में FIFA वर्ल्ड कप 2026 का प्रसारण जी एंटरटेनमेंट के नए लॉन्च किए गए यूनाइट8 स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग जी5 ऐप और इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

