FIFA World Cup 2026 Round of 16: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। राउंड ऑफ-16 के मुकाबलों की शुरुआत हो चुकी है और पहले दो प्री-क्वार्टर फाइनल में फ्रांस और मोरक्को ने जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सोमवार (6 जुलाई, भारतीय समयानुसार) को टूर्नामेंट के दो सबसे चर्चित मुकाबले खेले जाएंगे। एक ओर सह-मेजबान मेक्सिको का सामना इंग्लैंड से होगा, वहीं दूसरी तरफ पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील की भिड़ंत नॉर्वे से होगी। चारों टीमों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में फुटबॉल प्रशंसकों को दो रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
ब्राजील बनाम नॉर्वे: क्या टूटेगा पुराना रिकॉर्ड?

राउंड ऑफ-16 के तीसरा और दिन के पहला मुकाबला न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच रात 1:30 बजे शुरू होगा।
ब्राजील और नॉर्वे के बीच अब तक 4 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें नॉर्वे ने 2 मैच जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। यानी ब्राजील आज तक नॉर्वे को नहीं हरा पाया है।

विश्व कप में दोनों की यह दूसरी भिड़ंत होगी। इससे पहले 1998 विश्व कप में नॉर्वे ने ब्राजील को 2-1 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। ऐसे में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील इस बार इतिहास बदलने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
ब्राजील इस टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही है। टीम ने चार मैचों में तीन जीत दर्ज की हैं, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा। राउंड ऑफ-32 में उसने जापान को 2-1 से हराया था। वहीं ग्रुप चरण में स्कॉटलैंड और हैती को 3-0 से हराया, जबकि मोरक्को के खिलाफ मुकाबला 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ।

दूसरी ओर नॉर्वे ने भी चार में से तीन मुकाबले जीते हैं। उसकी एकमात्र हार फ्रांस के खिलाफ रही। राउंड ऑफ-32 में नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराया था।
ब्राजील के लिए विनीसियस जूनियर अब तक 4 गोल कर चुके हैं, जबकि नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड 5 गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में बने हुए हैं।
ब्राजील और नॉर्वे की संभावित प्लेइंग-11
ब्राजील: एलीसन बेकर, डैनिलो, मारक्विन्होस, गैब्रियल मगालहेस, वेन्डेल, ब्रूनो गुइमारेस, जोआओ गोम्स, राफिन्हा, लुकास पाकेता, विनीसियस जूनियर, रोड्रिगो।
नॉर्वे: ओर्जान नाइलैंड, जूलियन रायरसन, एंड्रियास हैनशे-ओल्सन, लियो ओस्टिगार्ड, डेविड वोल्फ, मार्टिन ओडेगार्ड, पैट्रिक बर्ग, सान्दर बर्ग, ऑस्कर बॉब, जोर्गेन स्ट्रैंड लार्सन, एर्लिंग हालैंड।
मेक्सिको बनाम इंग्लैंड: अजेय टीमों की टक्कर

राउंड ऑफ-16 का चौथा मुकाबला मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मैच सुबह 5:30 बजे शुरू होगा।
मेक्सिको और इंग्लैंड के बीच अब तक 9 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें इंग्लैंड ने 6 मैच जीते हैं, जबकि मेक्सिको को 2 जीत मिली हैं। एक मुकाबला ड्रॉ रहा। विश्व कप में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले 1966 विश्व कप में इंग्लैंड ने मेक्सिको को 2-0 से हराया था।

मौजूदा टूर्नामेंट में मेक्सिको का प्रदर्शन शानदार रहा है। टीम ने अपने चारों मैच जीते हैं और अभी तक एक भी गोल नहीं खाया है। राउंड ऑफ-32 में उसने इक्वाडोर को 2-0 से हराया था। इससे पहले ग्रुप चरण में चेकिया को 3-0, दक्षिण कोरिया को 1-0 और दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से मात दी थी।
इंग्लैंड भी अब तक टूर्नामेंट में अजेय है। टीम ने चार मुकाबलों में तीन जीत दर्ज की हैं, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा। राउंड ऑफ-32 में इंग्लैंड ने डीआर कांगो को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में जगह बनाई।

इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन शानदार फॉर्म में हैं और अब तक 5 गोल कर चुके हैं। वहीं मेक्सिको को घरेलू मैदान पर स्टार स्ट्राइकर सैंटियागो जिमेनेज से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।
मेक्सिको और इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग-11
मेक्सिको: जूलियो गोंजालेज, जॉर्ज सांचेज, सेसर मोंटेस, जोहान वास्केज, गेरार्डो आर्टियागा, एडसन अल्वारेज, लुइस चावेज, उरिएल एंटुना, ओरबेलिन पिनेडा, जूलियन क्विनोनेस, सैंटियागो जिमेनेज।
इंग्लैंड: जॉर्डन पिकफोर्ड, काइल वॉकर, जॉन स्टोंस, मार्क गुएही, कीरन ट्रिपियर, डेक्लन राइस, कोबी मेनू, बुकायो साका, जुड बेलिंगहैम, फिल फोडेन, हैरी केन।
मैच शेड्यूल (भारतीय समयानुसार)
ब्राजील vs नॉर्वे — रात 1:30 बजे
मेक्सिको vs इंग्लैंड — सुबह 5:30 बजे
राउंड ऑफ-16 के इन दोनों मुकाबलों से क्वार्टर फाइनल की तस्वीर और साफ होगी। एक तरफ ब्राजील नॉर्वे के खिलाफ पहली जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगा, तो दूसरी ओर मेक्सिको अपने अभेद्य डिफेंस के दम पर इंग्लैंड को रोकने की कोशिश करेगा। वहीं इंग्लैंड की निगाहें हैरी केन के शानदार फॉर्म के सहारे अंतिम-8 में जगह बनाने पर होंगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

