मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. अपनी दमदार अदाकारी और जलवे से पर्दे पर छाप छोड़ने वाले प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता कबीर दुहन सिंह पवित्र रामनगरी अयोध्या पहुंचे. यहां उन्होंने सबसे पहले सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी में माथा टेका और महाबली हनुमान जी का दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. इसके बाद उन्होंने राम जन्मभूमि परिसर में प्रभु श्री रामलला के दर्शन कर देश व समाज की समृद्धि की कामना की. इस दौरान अभिनेता ने अयोध्या के पूज्य संतों का भी आशीर्वाद लिया.
अयोध्या की पावन माटी पर पहुंचकर गदगद हुए अभिनेता कबीर दुहन सिंह ने मीडिया से बातचीत में अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने कहा कि “मैं एक मीटिंग के सिलसिले में लखनऊ आया हुआ था. लखनऊ में होने के बाद यह मुमकिन ही नहीं था कि मैं हनुमान जी के दर्शन किए बिना लौट जाऊं चाहे दूरी 200 किलोमीटर हो या 300 मीटर! मैं पिछले महीने भी यहाँ दर्शन के लिए आया था. अयोध्या आते ही मन और हृदय को जो असीम शांति और खुशी मिलती है, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. हनुमान जी की कृपा लेकर अब मैं राम जी के पावन दर्शनों के लिए आगे बढ़ रहा हूं.
इसे भी पढ़ें : TRANSFER : UP में 34 PCS अफसरों का तबादला, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO भी हटे
फिल्म प्रोजेक्ट्स और ‘हनुमान अंश’ पर बोले अभिनेता
अयोध्या और राम जी पर आधारित किसी फिल्म प्रोजेक्ट के सवाल पर कबीर दुहन सिंह ने कहा कि कुछ योजनाओं पर काम चल रहा है, जिसे वे जल्द ही सार्वजनिक करेंगे. उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई उनकी बैठकें काफी सफल रही हैं. फिल्म ‘हनुमान अंश’ (नीम करोली बाबा पर आधारित) की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआत में धीमी प्रतिक्रिया के बाद अब माउथ पब्लिसिटी के दम पर लोग इसे सिनेमाघरों में खूब पसंद कर रहे हैं. अंत में उन्होंने “राम-राम, सीताराम” कहकर सभी का आभार जताया.
भक्ति के रंग में रंगे नजर आए कबीर
दर्शन-पूजन के दौरान कबीर दुहन सिंह पूरी तरह भक्ति रस में डूबे दिखाई दिए. संतों ने उन्हें अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट कर अपना स्नेहाशीष दिया. अभिनेता के अयोध्या आगमन की खबर मिलते ही उनके प्रशंसक भी बेहद उत्साहित नज़र आए.



