अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के नोखा में एक निजी फाइनेंस कंपनी द्वारा लोगों को कम समय में पैसा दोगुना और तीगुना करने का लालच देकर कथित तौर पर करोड़ों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रोटॉन कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड नामक संस्था रातों-रात अपना कार्यालय और सामान समेटकर फरार हो गई जिसके बाद निवेशकों में भारी आक्रोश फैल गया।

निवेशकों ने सड़क पर उतरकर जताया विरोध

जैसे ही लोगों को कंपनी के गायब होने की जानकारी मिली बड़ी संख्या में निवेशक सड़क पर उतर आए। इनमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक थी। आक्रोशित लोगों ने सासाराम-पटना मुख्य मार्ग को नोखा में जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी के एजेंटों ने कम समय में रकम दोगुनी और तिगुनी होने का सपना दिखाकर हजारों लोगों से निवेश कराया था।

लोगों ने लगाई थी जीवन भर की जमा-पूंजी

पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी जीवन भर की जमा-पूंजी, खेती-बाड़ी की कमाई और घरेलू बचत तक इस संस्था में लगा दी थी। लेकिन अब कंपनी के फरार हो जाने से उनकी मेहनत की कमाई डूबती नजर आ रही है। कई निवेशक रोते-बिलखते दिखाई दिए और प्रशासन से अपना पैसा वापस दिलाने की मांग करते रहे।

पुलिस ने दिया जांच का भरोसा

सड़क जाम की सूचना मिलते ही नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी काफी देर तक लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।

छानबीन में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि संस्था ने कितने लोगों से कितनी राशि जुटाई है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर ऐसे फर्जी निवेश योजनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं जो कम समय में अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डालते हैं।

ये भी पढ़ें- दोस्त ने दोस्त को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, जमानत पर जेल से बाहर आया था मृतक, 3 गिरफ्तार