अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां सरकारी कार्य के दौरान एक चौकीदार के साथ मारपीट, सरकारी नोटिस फाड़ने और नकदी छीनने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित चौकीदार राहुल कुमार ने इस संबंध में तेघड़ा थाना में लिखित आवेदन देकर चार नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

घटना बीते 31 मई 2026 की रात की बताई जा रही है। दर्ज शिकायत के अनुसार करीब 8 बजे चौकीदार राहुल कुमार, थाना से प्राप्त सरकारी नोटिस तामिला कराने जा रहे थे। बरौनी 2 वार्ड संख्या 3 में कुछ लोगों ने उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी, रोक ली और गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपितों ने उनके पास मौजूद, सरकारी नोटिस छीनकर फाड़ दिया, जब चौकीदार ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी, डंडा, फाइटर और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया।

इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, और खून बहने लगा। पीड़ित का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान, उनकी जेब में रखे 21 सौ रुपये भी छीन लिए गए ।घटना में मनीष कुमार, सूरज कुमार उर्फ बैला, शुभम कुमार और सूरज कुमार को नामजद किया गया है, जबकि तीन अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।

चौकीदार के अनुसार शोर शराबा सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो सभी आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बाद में ग्रामीणों की मदद से घायल चौकीदार को अनुमंडलीय अस्पताल, तेघड़ा में भर्ती कराया गया। आवेदन में यह भी कहा गया है कि पूर्व में दर्ज मामलों में पुलिस कार्रवाई और छापेमारी के कारण आरोपित उनसे नाराज थे। इसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। फिलहाल तेघड़ा थाना में कांड संख्या 257/26 दर्ज कर, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

ये भी पढ़ें- खान सर फरार, गिरफ्तारी के लिए ढूंढ रही पटना पुलिस, ज्ञान बिंदु में लगे ‘खान सर चोर हैं’ के नारे