दिल्ली के मुंडका से भाजपा विधायक गजेंद्र दराल और पार्टी से जुड़े कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ कंझावला थाने में FIR दर्ज की गई है। यह मामला भाजपा के कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार की शिकायत पर दर्ज हुआ है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के अलावा आयुध अधिनियम और SC-ST एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार का आरोप है कि 10 सितंबर की रात उन्हें वोटर लिस्ट को लेकर चर्चा के लिए भाजपा कार्यालय बुलाया गया था। वहां उनके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बंधक भी बनाया गया। सुनील कुमार के मुताबिक, घटना की शिकायत करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
वोटर लिस्ट लेकर भाजपा कार्यालय पहुंचने का दावा
सुनील कुमार की शिकायत के मुताबिक, 10 सितंबर की शाम करीब 7:50 बजे विधायक गजेंद्र दराल ने उन्हें फोन किया था। आरोप है कि विधायक ने उन्हें वार्ड की वोटर लिस्ट लेकर कराला स्थित दीपक माथुर के भाजपा कार्यालय पहुंचने को कहा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उन्हें फोन बंद नहीं करने के लिए कहा गया था, क्योंकि विधायक की चुनाव अधिकारी के साथ बैठक होने की बात कही गई थी। शिकायत के अनुसार, सुनील कुमार अपने साथी जय भगवान के साथ करीब 8:15 बजे कार्यालय पहुंचे। वहां दीपक माथुर, गजेंद्र दराल, विवेक, अमित माथुर और चार-पांच अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। सुनील कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि कुछ देर बाद विधायक के कहने पर अमित माथुर को वहां बुलाया गया। उनके पहुंचने के बाद कार्यालय का शटर और CCTV कैमरे बंद कर दिए गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
पाइप और बेल्ट से पिटाई का आरोप
सुनील कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि विधायक गजेंद्र दराल ने भी उनके खिलाफ जातिसूचक टिप्पणी की और पाइप तथा बेल्ट से उनकी पिटाई की। शिकायत के मुताबिक, दीपक माथुर, अमित माथुर और विवेक ने उनके हाथ-पैर पकड़ रखे थे, जबकि उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर लात-घूंसों से हमला किया गया। शिकायत में गंभीर चोट पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। सुनील कुमार के मुताबिक, मारपीट के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई थी और वह दो-तीन बार बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि रात में संतोष कौशिक और शालू शर्मा को चोटें दिखाई गईं। शिकायतकर्ता का दावा है कि उनके वहां से जाने के बाद उनके साथ दोबारा मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।
रातभर कार्यालय में रोकने और कैमरे बंद करने का भी दावा
सुनील कुमार ने अपने वीडियो संदेश में दावा किया कि उन्हें रातभर कार्यालय के अंदर रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान CCTV कैमरे बंद कर दिए गए थे और उनके साथ पाइप, डंडे तथा बेल्ट से मारपीट की गई। शिकायत के मुताबिक, 11 सितंबर की सुबह करीब 5:15 बजे उन्हें कार्यालय से जाने दिया गया। सुनील ने आरोप लगाया कि वहां से निकलते समय उन्हें शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। उनका दावा है कि उन्हें कहा गया कि शिकायत करने पर उनकी जान को खतरा हो सकता है और उनके बारे में किसी को पता भी नहीं चलेगा।
डेढ़ साल से विधायक के दुर्व्यवहार का कर रहे थे सामना
सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ साल पहले मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही उन्हें विधायक गजेंद्र दराल के कथित दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ रहा था। उनके मुताबिक, विधायक उनके पहनावे और गले में पहने हार को लेकर भी टिप्पणी करते थे। सुनील का आरोप है कि उनसे कहा जाता था कि उन्हें नेता नहीं माना जाता और वह विधायक के साथ बैठने के योग्य भी नहीं हैं। हालांकि, विधायक गजेंद्र दराल ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें मारपीट की घटना की जानकारी नहीं है और इस मामले में खुद को निशाना बनाए जाने पर भी सवाल उठाया है।
पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया केस
कंझावला पुलिस ने मामले में BNS की धारा 115(2), 127(2), 140(3), 351(2), 61(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। इनमें जानबूझकर चोट पहुंचाने, गलत तरीके से बंधक बनाने, हत्या के इरादे से अपहरण या अगवा करने, आपराधिक धमकी, आपराधिक साजिश और साझा इरादे से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा आयुध अधिनियम की धारा 25 और SC-ST एक्ट की धारा 3(1)(आर)(एस) भी लगाई गई हैं। मामले की जांच इंस्पेक्टर किशन यादव को सौंपी गई है।
बीजेपी ने विधायक और मंडल अध्यक्ष दोनों से मांगा जवाब
विवाद सामने आने के बाद भाजपा ने मुंडका विधायक गजेंद्र दराल और कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार, दोनों को नोटिस जारी किया है। दिल्ली भाजपा के महासचिव और कार्यालय प्रभारी विष्णु मित्तल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि मीडिया और सोशल मीडिया में सामने आई खबरों का संज्ञान लेते हुए दोनों को राज्य अनुशासन समिति के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। दोनों को 16 सितंबर को दोपहर 3 बजे पार्टी मुख्यालय में पेश होने का निर्देश दिया गया था। पार्टी की अनुशासन समिति के समक्ष दोनों पक्षों की ओर से अपना पक्ष रखा जाना है।
AAP ने विधायक को बर्खास्त करने की मांग की
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी ने विधायक गजेंद्र दराल को बर्खास्त करने की मांग की है। पूर्वी दिल्ली के कोंडली से AAP विधायक कुलदीप कुमार मंगलवार को सुनील कुमार के साथ रोहिणी के डीसीपी शशांक जायसवाल से मिले। उन्होंने दलित समुदाय के एक व्यक्ति के साथ कथित हिंसा का मुद्दा उठाया। इस दौरान पुलिस की ओर से मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल FIR दर्ज होने के बाद पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



