दीपक कौरव, नरसिंहपुर। पलोहा थाना क्षेत्र के तेंदूखेड़ा-गाडरवारा मार्ग पर बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक पूरी रात ट्रॉली के नीचे दबा रहा और जिंदगी-मौत के बीच की जंग लड़ता रहा।

ये भी पढ़ें : न नौकरी मिली न पूरा मुआवजा, पूर्वजों की जमीन गंवा चुके किसानों ने खदान में दिया धरना, मांगा अपना हक

सुबह हुआ हादसे का खुलासा, JCB की मदद से किया गया रेस्क्यू

यह हादसा देर रात का है, इसलिए अंधेरा होने के कारण किसी को इसकी भनक नहीं लगी। दूसरे दिन सुबह जब स्थानीय लोग वहां से गुजरे और उन्होंने खाई में ट्रैक्टर पलटा हुआ देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पलोहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंटों से लदी होने के कारण काफी भारी थी, जिसे हटाने के लिए तत्काल जेसीबी मशीन बुलाई गई। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे दबे दोनों युवकों को बाहर निकाला गया।

हताहतों की जानकारी

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान हल्के केवट, 30 वर्ष के रूप में हुई है। वहीं, दूसरा युवक अमोल केवट गंभीर रूप से घायल है, जो पूरी रात भारी मलबे और ट्रॉली के नीचे दबे होने के कारण तड़पता रहा। दोनों युवक सागई गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें : 11वीं के नाबालिग छात्र से कुकर्म: अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, साथी से भी करवाया गंदा काम

अस्पताल में उपचार जारी

पुलिस ने घायल अमोल को तत्काल उपचार के लिए गाडरवारा सिविल अस्पताल भेजा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं मृतक हल्के केवट के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m