शिवम मिश्रास, रायपुर: राजधानी रायपुर से लगे मंदिर हसौद में 22 मई से लापता भुवनेश्वर यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। आरोप है कि पानी के विवाद और गाली-गलौज के बाद युवक की हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया गया। मामले में निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, मृतक भुवनेश्वर यादव नकटी गांव का रहने वाला था और मोनेट कंपनी में ऑपरेटर के पद पर काम करता था। वह 22 मई से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद मामला हत्या तक पहुंच गया।

कैसे हुआ मामले का खुलासा ?

घटना वाले दिन मंदिर हसौद शराब भट्ठी के पीछे भुवनेश्वर यादव और कुछ लोगों के बीच पानी को लेकर विवाद हुआ था। सभी लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान मृतक और निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे के बीच गाली-गलौज हुई। आरोप है कि विवाद के बाद पार्षद अपने साथियों के साथ भुवनेश्वर को कार में बैठाकर महासमुंद जिले के महानदी किनारे ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट के दौरान उसकी मौत हो गई।

शव को रेत में दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश

आरोपियों ने शव को रेत में दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना की शाम भुवनेश्वर यादव ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। इस दौरान उसने पार्षद से भी पत्नी की बात करवाई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। बाद में पुलिस को मृतक का मोबाइल और अन्य सामान बरामद हुआ। फिलहाल मंदिर हसौद पुलिस ने निर्दलीय पार्षद गोलू रात्रे समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है।

थाना प्रभारी ने किया मामले का खुलासा

मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया की 22 तारीख को भुवनेश्वर यादव की गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस टीम गुम इंसान की पता तलाश में जुटी हुई थी। टेक्निकल जाँच में भुवनेश्वर का आखरी लोकेशन आस पास के इलाके में बता रहा था, जिसके बाद जानकारी मिली की भुवनेश्वर गोलू रात्रे और उसके कुछ साथियों के साथ आखरी बार शराब का सेवन करने के लिए गया हुआ था. जिसके बाद से ही लगातार लापता था।

शक के दायरे में आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ करने पर हत्या करना स्वीकार किया गया है। आरोपियों के निशानदेही पर नांदगांव घाट से भुवनेश्वर के शव को बरामद किया गया है। चूंकी घटना स्थल दूसरे ज़िले का सामने आ रहा है. इसीलिए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर अग्रिम कार्रवाई महासमुंद पुलिस को सौंपी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m