पिथौरा। नगर के स्थानीय शहीद भगत सिंह खेल मैदान में आयोजित श्री गोविंद कमला गौधाम कप रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच अपने चरम पर है। मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस स्पर्धा के चौथे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि परमीत सिंह माटा (निशु), अध्यक्षता कुलजीत आजमानी (जनसेवा 24 न्यूज) और विजय गुप्ता (नवभारत) की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। मंच पर सतीश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल एवं मेहर सलूजा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सौरभ अग्रवाल ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पत्रकार परमीत सिंह माटा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पत्रकारिता की कलम और खिलाड़ी का बल्ला दोनों में समानता है, क्योंकि दोनों ही अनुशासन और सटीकता की मांग करते हैं।

उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता केवल खेल नहीं, बल्कि गौ-सेवा और खेल प्रतिभाओं को निखारने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा, “मैदान में हारा हुआ इंसान फिर जीत सकता है, लेकिन मन से हारा हुआ इंसान कभी नहीं जीत सकता।”

बिट्टू इलेवन की शानदार जीत

मुख्य अतिथि द्वारा टॉस उछालकर मैच की शुरुआत की गई। चौथे दिन का मुख्य मुकाबला बिट्टू इलेवन और नूतन कार के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिट्टू इलेवन ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 136 रन बनाए और विपक्षी टीम को 137 रनों का लक्ष्य दिया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी नूतन कार की टीम बिट्टू इलेवन की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 97 रनों पर सिमट गई। इस तरह बिट्टू इलेवन ने यह मुकाबला 39 रनों से जीत लिया।

बिट्टू इलेवन की ओर से फहद दयाला ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

कार्यक्रम में अध्यक्ष कुलजीत आजमानी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद रात्रिकालीन आयोजन से पिथौरा में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिला है। मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भोजराज डडसेना ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भोजराज डडसेना, राहुल यादव, दिनेश कालसा, मुक्कु सेन, तुषार राजपूत, समीर मिरी, राजगोपाल रोतीय, डिगेश पटेल, रामेश्वर ध्रुव, गीतेश ध्रुव और दिनेश सिन्हा का विशेष योगदान रहा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H