तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने युवाओं और Gen Z की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही विधानसभा और विधान परिषद का विशेष सत्र बुलाकर एक प्रस्ताव पारित करेगी। इस प्रस्ताव के जरिए केंद्र सरकार से लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र घटाकर 21 साल करने की मांग की जाएगी।

अगस्त के पहले हफ्ते में बुलाया जा सकता है स्पेशल सेशन

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि अगस्त के पहले सप्ताह में विधानसभा और विधान परिषद का विशेष सत्र बुलाने की योजना है। इसमें चुनाव लड़ने की न्यूनतम उम्र 21 साल करने से संबंधित प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को देश की राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, Gen Z देश की आबादी का करीब 30 फीसदी हिस्सा है, लेकिन संसद में उनका प्रतिनिधित्व 1 फीसदी से भी कम है।

Gen Z को राजनीति में ज्यादा प्रतिनिधित्व देने की वकालत

रेवंत रेड्डी ने कहा कि अगर युवा शिक्षा मंत्री और आईटी मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभालेंगे, तो देश तेजी से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने संविधान में संशोधन कर 21 साल की उम्र में युवाओं को विधायक और सांसद बनने का अवसर देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन और सिंगापुर का उदाहरण देते हुए कहा कि कई देशों में युवा कम उम्र में ही देश के शीर्ष राजनीतिक पदों तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में भारत को भी इस दिशा में आगे बढ़ने पर विचार करना चाहिए।

NEET पेपर लीक के खिलाफ कैंडल मार्च में बोले CM

रेवंत रेड्डी ने यह बयान NEET पेपर लीक मामले को लेकर आयोजित कैंडल मार्च के दौरान दिया। उन्होंने दावा किया कि Gen Z के आंदोलन ने केंद्र सरकार पर दबाव बनाया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ने के लिए मजबूर किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी आवाज को मजबूत बनाने के लिए सड़कों से संसद तक पहुंचें।

राहुल गांधी के PM बनने पर Gen Z को मंत्री बनाने की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के नेताओं से Gen Z के किसी युवा नेता को केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाए जाने की संभावना पर भी चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनते हैं, तो Gen Z के किसी नेता को केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाने की दिशा में पहल की जानी चाहिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m